
Jamtara: जामताड़ा जिले में साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। जामताड़ा साइबर थाना पुलिस ने कर्माटांड़ थाना क्षेत्र के रिंगोचिंगो और अमडीहा गांव में छापेमारी कर चार कुख्यात साइबर अपराधियों को रंगे हाथ दबोच लिया है।

एसपी की गुप्त सूचना पर हुई छापेमारी
गुरुवार को साइबर थाना में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में साइबर पुलिस उपाधीक्षक (DSP) अमित रविदास ने इस सफलता की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जामताड़ा पुलिस अधीक्षक (SP) शंभू कुमार सिंह को गुप्त सूचना मिली थी कि कर्माटांड़ के ग्रामीण इलाकों में कुछ युवक साइबर ठगी के खेल में जुटे हैं। सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए विशेष टीम का गठन कर दोनों गांवों में छापेमारी की गई।

पकड़े गए अपराधियों में ये शामिल, फर्जी सिम और मोबाइल बरामद
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए अपराधियों की पहचान सुनील कुमार मंडल, मोहम्मद अबूतालिब अंसारी, बहारुद्दीन अंसारी और शमीम अंसारी के रूप में हुई है। पुलिस टीम ने इन अपराधियों के पास से 8 मोबाइल फोन और 8 एक्टिवेटेड फर्जी (फेक) सिम कार्ड बरामद किए हैं, जिनका इस्तेमाल वे ठगी के दौरान करते थे।
गैस कनेक्शन अपडेट करने के नाम पर करते थे ठगी
साइबर DSP ने बताया कि ये अपराधी आम लोगों को फोन कर खुद को गैस एजेंसी या कंपनी का प्रतिनिधि बताते थे। वे उपभोक्ताओं को डराते थे कि उनका गैस कनेक्शन ब्लॉक हो गया है और उसे अपडेट करने के नाम पर झांसा देकर बैंक खाते से पैसे उड़ा लेते थे। पुलिस ने कानूनी कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद सभी चारों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।


