
Giridih: गिरिडीह जिले के बगोदर-सरिया रोड पर गुरुवार अहले सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में एक व्यक्ति की गंभीर रूप से घायल होने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान बगोदर थाना इलाके के देवराडीह गांव के रहने वाले दिनेश पासवान के रूप में हुई है। घटना के बाद से ही मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

तेज बारिश के कारण बाइक सवार की नजर से चूका शख्स
मिली जानकारी के अनुसार, घटना के समय इलाके में मूसलाधार बारिश हो रही थी। दिनेश पासवान बारिश के बीच ही रोड क्रॉस करके अपने घर की तरफ जा रहे थे। उसी दौरान घाघरा गांव का रहने वाला एक बाइक सवार उल्टी दिशा से तेज रफ्तार में आ रहा था। तेज बारिश और धुंधलेपन के कारण बाइक सवार की नजर रोड क्रॉस कर रहे दिनेश पासवान पर समय रहते नहीं पड़ सकी। इसके चलते बाइक अनियंत्रित होकर सीधे दिनेश पासवान से जा टकराई।

इलाज के दौरान हॉस्पिटल में तोड़ा दम
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दिनेश पासवान सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि बाइक सवार को भी इस हादसे में काफी गंभीर चोटें आई हैं। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से लहूलुहान दिनेश पासवान को इलाज के लिए पास के सरिया हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। हालांकि, डॉक्टरों की हर संभव कोशिश के बावजूद इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
सरिया थाना पुलिस पहुंची हॉस्पिटल, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही सरिया थाना प्रभारी तुरंत पुलिस बल के साथ सरिया हॉस्पिटल पहुंचे। पुलिस ने मृतक के परिजनों से मिलकर घटना की पूरी जानकारी ली और कानूनी प्रक्रिया में जुट गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है, वहीं दुर्घटना में घायल बाइक सवार का इलाज भी कराया जा रहा है।


