
Ranchi: राजधानी रांची के रातू थाना क्षेत्र से एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान नाजदा खातून के रूप में हुई है, जो वर्तमान में काटीटांड स्थित पीरा चौक (नूरी मस्जिद के पास) अपने ससुराल वालों के साथ रह रही थी। घटना के बाद मृतका के मायके वालों ने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज की खातिर हत्या करने का सीधा आरोप लगाया है।

2019 में हुई थी शादी, संतान न होने पर ताने
चतरा जिले के टंडवा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मिश्रौल निवासी मृतका के पिता हफीज अंसारी ने पुलिस को दिए आवेदन में पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि नाजदा का निकाह 15 मार्च 2019 को चतरा सदर थाना क्षेत्र के ब्राह्मणी गांव निवासी नासिर अंसारी के साथ पूरे रीति-रिवाज से हुआ था। शादी के शुरुआती दो साल ठीक बीतने के बाद ससुराल वालों ने दहेज के लिए दबाव बनाना शुरू कर दिया। इसके अलावा, शादी के इतने साल बाद भी औलाद न होने को लेकर भी नाजदा को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान किया जाता था।

8 अक्टूबर को 10 लाख की मांग, अगले दिन मिली लाश
पीड़ित पिता ने आवेदन में आरोप लगाया है कि 8 अक्टूबर को दामाद ने फोन पर सीधे 10 लाख रुपये की मांग रखी और पैसे न मिलने पर बेटी को जान से खत्म करने की धमकी दी। इस कॉल के अगले ही दिन यानी 9 अक्टूबर को नाजदा की हालत बिगड़ने की बात कहकर उसे रांची के गुरुनानक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
शरीर पर चोट के निशान, पुलिस से जांच की मांग
अस्पताल पहुंचे मायके वालों का कहना है कि नाजदा के शरीर पर कई जगह चोट के गहरे निशान मिले हैं, जिससे साफ होता है कि उसके साथ मारपीट की गई और उसकी जान ली गई। पिता ने रातू थाना पुलिस को लिखित शिकायत सौंपकर पति नासिर अंसारी समेत ससुराल के अन्य सदस्यों के खिलाफ हत्या और दहेज प्रताड़ना की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर त्वरित कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।


