
मोकामा: बिहार में महिला और बाल सुरक्षा को लेकर पुलिस की ओर से विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। मोकामा प्रखंड के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस ने करीब 20 किलोमीटर लंबा फ्लैग मार्च निकाला। अभियान का नेतृत्व हाथीदह सर्किल इंस्पेक्टर राजीव कुमार ने किया।

स्कूलों में पहुंचकर बच्चों को किया जागरूक
फ्लैग मार्च पंचमहला थाना से शुरू हुआ और मरांची थाना, हाथीदह थाना होते हुए मोकामा थाना क्षेत्र में जाकर समाप्त हुआ। मार्च में संबंधित थाना क्षेत्रों के थानाध्यक्षों के साथ एएसआई, एसआई और अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस टीम रास्ते में आने वाले विभिन्न उच्च माध्यमिक विद्यालयों में भी पहुंची। सर्किल इंस्पेक्टर राजीव कुमार ने छात्र-छात्राओं से बातचीत कर उन्हें बाल सुरक्षा और महिला सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी।
बच्चों को अच्छे और बुरे व्यवहार के बीच अंतर समझने, किसी भी तरह की परेशानी होने पर भरोसेमंद व्यक्ति या पुलिस को सूचना देने और अपनी सुरक्षा के प्रति सजग रहने के बारे में जागरूक किया गया।
सामाजिक सहयोग से अपराध रोकने पर जोर
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराध पर नियंत्रण के लिए प्रभावी पुलिसिंग के साथ-साथ सामाजिक और जन सहयोग भी जरूरी है। बच्चों को सुरक्षा संबंधी जानकारी देकर उन्हें संभावित जोखिमों के प्रति जागरूक करना भी अभियान का हिस्सा है।
बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी रहे शामिल
सर्किल इंस्पेक्टर राजीव कुमार के नेतृत्व में सभी संबंधित थाना क्षेत्रों के पुलिसकर्मियों ने अभियान में हिस्सा लिया। स्कूलों में जाकर बच्चों से सीधे संवाद करने के साथ पुलिस ने महिला और बाल सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया।


