
मोतिहारी: पाकिस्तान के लिए कथित जासूसी के मामले में मोतिहारी के एक युवक की गिरफ्तारी से हड़कंप मच गया है। असम STF ने 31 वर्षीय अभिषेक कुमार सिंह को गिरफ्तार किया है। उस पर भारतीय सेना से जुड़ी खुफिया जानकारी पाकिस्तानी हैंडलर्स तक पहुंचाने का आरोप लगाया गया है।

NIA इनपुट के बाद हुई कार्रवाई
जानकारी के मुताबिक, NIA से मिले इनपुट के बाद असम पुलिस और सेना ने मामले की जांच शुरू की थी। इसी जांच के दौरान असम एसटीएफ ने अभिषेक कुमार सिंह को दबोचा। उसके पास से मोबाइल फोन, सिम कार्ड और पाकिस्तान से जुड़े दस्तावेज बरामद किए जाने का दावा किया गया है। मामले में बेगूसराय के रितेश कुमार को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, रितेश कथित तौर पर पाकिस्तानी इंटेलिजेंस ऑपरेटिव के संपर्क में था।

अभिषेक की गिरफ्तारी के बाद STF ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है। उसके मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि कथित तौर पर कौन-सी सूचनाएं साझा की गईं और इस नेटवर्क से और कौन लोग जुड़े हैं।
मोतिहारी पुलिस ने शुरू किया सत्यापन
मामले की जानकारी सामने आने के बाद मोतिहारी पुलिस ने भी स्थानीय स्तर पर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अभिषेक के पते और परिवार का सत्यापन कर रही है। मोतिहारी के एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि स्थानीय पुलिस असम पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों के संपर्क में है।
(प्रतिक सिंह की रिपोर्ट)


