
Bokaro: बोकारो जिले के चंद्रपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत DVC आवासीय कॉलोनी के पश्चिमपल्ली में हुए गोलीकांड के बाद गिरिडीह सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी शुक्रवार को घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मौके पर मौजूद चास एएसपी से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और पुलिस जांच में अब तक हुई प्रगति का ब्योरा मांगा। सांसद ने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए पुलिस अधिकारियों से इस मामले का जल्द से जल्द खुलासा करने और अपराधियों को सलाखों के पीछे भेजने को कहा।

बेटे के शरीर से निकाली गईं 4 गोलियां, सिर में फंसी गोली के इलाज के लिए मेदांता रेफर
बीती रात अपराधियों द्वारा घर में घुसकर की गई अंधाधुंध फायरिंग में रिटायर्ड DVC कर्मी नरेश सिन्हा और उनकी पत्नी रेणु सिन्हा की मौत हो चुकी है। वहीं गंभीर रूप से जख्मी उनके बेटे रोहित सिन्हा का बोकारो जनरल अस्पताल में डॉक्टरों ने ऑपरेशन किया। डॉक्टरों ने उसके शरीर से चार गोलियां सफलतापूर्वक बाहर निकाल ली हैं, लेकिन पांचवीं गोली उसके सिर में फंसी हुई है। रोहित की गंभीर स्थिति और सिर में फंसी गोली को निकालने के लिए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज हेतु रांची स्थित मेदांता अस्पताल रेफर कर दिया है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है पुलिस टीम
वारदात के बाद चास एएसपी के नेतृत्व में पुलिस की विशेष टीम इलाके में कैंप कर रही है। पुलिस कॉलोनी और आसपास के मुख्य मार्गों पर लगे सभी सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को बारीकी से खंगाल रही है, ताकि हमलावरों के आने-जाने के रास्तों और उनकी पहचान का कोई सुराग मिल सके।
सांसद ने पुलिस से की जल्द खुलासे की मांग
घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी ने पुलिस प्रशासन से कहा कि आवासीय कॉलोनी के भीतर घुसकर इस तरह की घटना को अंजाम देना बेहद गंभीर और चिंताजनक है। उन्होंने पुलिस को निर्देश दिया कि बिना किसी लापरवाही के सभी तकनीकी और जमीनी साक्ष्यों के आधार पर जांच तेजी से आगे बढ़ाई जाए और घटना में शामिल अपराधियों को अविलंब गिरफ्तार किया जाए।


