
Ranchi: हावड़ा-धनबाद रेल मार्ग पर सफर करने वाले यात्रियों के लिए जरूरी खबर है। मुगमा स्टेशन पर होने वाले प्री-नॉन इंटरलॉकिंग और नॉन इंटरलॉकिंग कार्य के कारण 21 से 27 सितंबर तक रेल परिचालन प्रभावित रहेगा। पूर्व रेलवे ने अलग-अलग तारीखों में 18 ट्रेनों को रद्द करने और 10 ट्रेनों को बदले हुए मार्ग से चलाने का फैसला लिया है।

इसका असर धनबाद के साथ झारखंड-बिहार के बीच सफर करने वाले यात्रियों पर भी पड़ेगा। खासकर 24 से 27 सितंबर के बीच मुख्य नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के दौरान कई ट्रेनों के परिचालन में बड़ा बदलाव रहेगा।

21 से 23 सितंबर तक प्री-नॉन इंटरलॉकिंग
रेलवे के मुताबिक मुगमा स्टेशन पर 21 से 23 सितंबर तक प्री-नॉन इंटरलॉकिंग और 24 से 27 सितंबर तक नॉन इंटरलॉकिंग का काम किया जाएगा। इसी वजह से ट्रेनों के परिचालन में बदलाव किया गया है। इस दौरान जम्मूतवी, सियालदह-अजमेर, दुरंतो और शक्तिपुंज एक्सप्रेस जैसी लंबी दूरी की ट्रेनें भी प्रभावित होंगी और कुछ ट्रेनें धनबाद के बजाय बदले हुए रास्ते से चलेंगी।
इन ट्रेनों को किया गया रद्द
12371 हावड़ा-बीकानेर एक्सप्रेस 21 सितंबर को और 12372 बीकानेर-हावड़ा एक्सप्रेस 24 सितंबर को रद्द रहेगी। वहीं 12329 सियालदह-आनंद विहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस 22 सितंबर और 12330 आनंद विहार-सियालदह संपर्क क्रांति एक्सप्रेस 23 सितंबर को नहीं चलेगी।
इसी तरह 13167 कोलकाता-आगरा कैंट एक्सप्रेस 24 सितंबर और 13168 आगरा कैंट-कोलकाता एक्सप्रेस 26 सितंबर को रद्द रहेगी।
झारखंड से जुड़ी ट्रेनों में 18603 रांची-गोड्डा एक्सप्रेस 24 और 26 सितंबर तथा 18604 गोड्डा-रांची एक्सप्रेस 25 और 27 सितंबर को रद्द रहेगी। इसके अलावा पाटलिपुत्र, रांची-गोरखपुर, राउरकेला-जयनगर, टाटानगर-जयनगर समेत अन्य ट्रेनें भी अलग-अलग तारीखों में प्रभावित रहेंगी।
धनबाद-पटना इंटरसिटी भी बदले रास्ते से चलेगी
रेलवे ने कुछ महत्वपूर्ण ट्रेनों के रूट में भी बदलाव किया है। 13331 धनबाद-पटना इंटरसिटी 24 से 27 सितंबर तक धनबाद से गोमो, कोडरमा और गया होते हुए पटना जाएगी। वापसी में 13332 पटना-धनबाद इंटरसिटी पटना से गया, कोडरमा और गोमो होते हुए धनबाद पहुंचेगी।
वहीं जम्मूतवी, सियालदह-अजमेर, दुरंतो और शक्तिपुंज एक्सप्रेस भी अलग-अलग तारीखों में बदले हुए रास्ते से चलेंगी। इसके कारण कुछ ट्रेनों का धनबाद स्टेशन पर ठहराव या सामान्य रूट प्रभावित रहेगा।
यात्रा से पहले ट्रेन का स्टेटस जरूर देखें
रेलवे के इस बदलाव का असर खासकर 24 से 27 सितंबर के बीच ज्यादा रहेगा। ऐसे में इस अवधि में धनबाद, कोडरमा, गया, रांची या आसपास के क्षेत्रों से ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों के लिए जरूरी है कि वे यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की तारीख और परिचालन स्थिति जरूर जांच लें, ताकि स्टेशन पहुंचने के बाद परेशानी का सामना न करना पड़े।


