
Giridih: गिरिडीह जिले के गांडेय थाना क्षेत्र अंतर्गत रकसकुटो गांव में मंगलवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 5 साल के मासूम बच्चे की जान चली गई। मृतक की पहचान रकसकुटो गांव निवासी दिनेश मंडल के 5 वर्षीय बेटे प्रियांशु मंडल के रूप में हुई है। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने पिकअप वैन के चालक को पकड़कर बिजली के पोल से बांध दिया।

पूजा देखकर घर लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात गांव में महिलाओं और युवतियों द्वारा करम डाली की पूजा-अर्चना की जा रही थी। छोटा प्रियांशु भी वहीं पूजा देखने गया हुआ था। पूजा देखने के बाद जब वह सड़क पार करके अपने घर लौट रहा था, तभी अहिल्यापुर की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार पिकअप वैन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में प्रियांशु गंभीर रूप से घायल हो गया।

अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
दुर्घटना के तुरंत बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने घायल बच्चे को उठाया और परिजन उसे इलाज के लिए गांडेय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले गए। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बच्चे की नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे गिरिडीह रेफर कर दिया, लेकिन गिरिडीह ले जाने के क्रम में रास्ते में ही मासूम ने दम तोड़ दिया।
चालक को पोल से बांधा
हादसे से गुस्साए ग्रामीणों ने भाग रहे पिकअप वैन के चालक को धर दबोचा और उसे बिजली के पोल से बांध दिया। घटना की सूचना मिलते ही गांडेय थाना प्रभारी आनंद प्रकाश सिंह, SDPO जीतवाहन उरांव, अंचलाधिकारी ओम प्रकाश बड़ाईक, अहिल्यापुर थाना प्रभारी ऐनुल हक खां और ताराटांड़ थाना प्रभारी बुदेश्वर उरांव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके अलावा स्थानीय जनप्रतिनिधि और नेता भी पहुंचे। फिलहाल अधिकारी और जनप्रतिनिधि मिलकर ग्रामीणों को समझाने-बुझाने और स्थिति को नियंत्रित करने में जुटे हैं।


