
Giridih: गिरिडीह के चर्चित ‘सुपर नेक्स्ट TMT’ सरिया ब्रांड का नकली सरिया बनाने के एक बड़े मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। मुंबई की मशहूर डिटेक्टिव एजेंसी IB (इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो) की टीम ने देर रात पश्चिम बंगाल के पुरुलिया स्थित एक सरिया फैक्ट्री में औचक छापेमारी की। इस हाई-प्रोफाइल कार्रवाई में पुरुलिया पुलिस भी पूरी तरह शामिल रही। IB एजेंसी के जोनल हेड टोटोन चक्रवर्ती की अगुवाई में अधिकारियों की पूरी टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और भारी मात्रा में नकली माल बरामद किया।

चेयरमैन की शिकायत पर एक्शन में आई IB की टीम
पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब गिरिडीह के सुपर नेक्स्ट TMT के चेयरमैन राकेश बरनवाल को अपने ब्रांड नाम का गलत इस्तेमाल किए जाने का शक हुआ। उन्होंने इस संबंध में मुंबई की IB एजेंसी में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही जोनल हेड टोटोन चक्रवर्ती की टीम एक्टिव हुई और पुरुलिया इस्पात कंपनी में अचानक रेड मार दी। छापेमारी के दौरान फैक्ट्री से करीब 5 हजार टन सरिया का भारी स्टॉक मिला, जिसे ‘सुपर XT’ के नाम से तैयार किया गया था। इस पूरे स्टॉक को फिलहाल जब्त कर लिया गया है।

कंपनी के डायरेक्टर ने सफाई में क्या कहा
इधर इस बड़ी कार्रवाई के बाद पुरुलिया इस्पात कंपनी में हड़कंप मच गया है। कंपनी के डायरेक्टर मनीष अग्रवाल ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को पूरी तरह से गलत और बेबुनियाद बताया है। उन्होंने अपनी सफाई में कहा कि गिरिडीह के सुपर नेक्स्ट TMT से उनकी कंपनी या ब्रांड का कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने दावा किया कि गिरिडीह की कंपनी ‘सुपर नेक्स्ट TMT’ नाम से सरिया बनाती है, जबकि उनकी पुरुलिया इस्पात कंपनी का खुद का पंजीकृत ब्रांड ‘सुपर XT TMT’ है। हालांकि पूरे मामले में नक्षत्रा न्यूज ने मनीष अग्रवाल से कैमरे के सामने आकर आधिकारिक बयान देने को कहा है।


