
BIT Mesra News: राजधानी रांची के BIT मेसरा इलाके से सामने आए एक सनसनीखेज मामले ने सबको चौंका दिया है। आमतौर पर नाबालिगों के लापता होने पर प्रेम-प्रसंग या किसी युवक का हाथ होने की बात सामने आती है, लेकिन नीमटांड़ के इस मामले में कहानी पूरी तरह उलट निकली। यहां आठवीं क्लास में पढ़ने वाली 14 साल की स्टूडेंट किसी लड़के के साथ नहीं, बल्कि अपनी ही एक सहेली के झांसे में आकर संदिग्ध हालात में गायब हुई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अज्ञात युवती के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

दिल्ली में नौकरी का ख्वाब और अचानक गायब
जांच में सामने आया कि नाबालिग स्टूडेंट को दिल्ली या लखनऊ में अच्छी नौकरी दिलाने का लालच दिया गया था। छात्रा ने कुछ दिन पहले घर पर भी अपनी सहेली का जिक्र किया था जो दिल्ली में काम करती है। 27 सितंबर की शाम करीब 4 बजे, जब मां ड्यूटी पर थीं, स्टूडेंट चुपचाप घर से निकल गई। मां जब खेलगांव स्थित काम से लौटीं तो घर खाली देखकर सन्न रह गईं। इसके बाद परिवार ने हर जगह तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

बज रही फोन की घंटी, पर कोई उठा नहीं रहा
रहस्य तब और गहरा गया जब पता चला कि स्टूडेंट अपने पिता के नाम का मोबाइल फोन भी साथ ले गई है। परिजन जब भी उस नंबर पर डायल करते हैं, फोन पर घंटी पूरी बजती है लेकिन दूसरी तरफ से कोई कॉल रिसीव नहीं करता। इस वजह से परिजनों को किसी संगठित मानव तस्करी गिरोह या अनैतिक नेटवर्क के चंगुल में फंसने का गहरा डर सता रहा है।
अज्ञात युवती के खिलाफ FIR, पुलिस कर रही मोबाइल ट्रेस
परिजनों के बयान के आधार पर बीआईटी मेसरा ओपी पुलिस ने अज्ञात युवती के विरुद्ध बहला-फुसलाकर ले जाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब उस मोबाइल नंबर की लोकेशन और कॉल डिटेल्स खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि स्टूडेंट को किस रास्ते से और किस शहर ले जाया गया है।


