
Jamshedpur: जमशेदपुर के लोगों के लिए एक राहत भरी खबर है। अब छोटी हो या बड़ी, किसी भी तरह की शिकायत दर्ज कराने के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने की जरूरत नहीं रहेगी। पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने एक ऐसी सुविधा शुरू की है जिससे अब हर समस्या सिर्फ एक मैसेज की दूरी पर होगी।

घर बैठे मोबाइल से होगी शिकायत
जिला प्रशासन ने अबुआ मित्र नाम से व्हाट्सऐप चैटबॉट सेवा की शुरुआत की है, जिसका शुभारंभ खुद उपायुक्त राजीव रंजन ने समाहरणालय सभागार में किया। अब लोग घर बैठे अपने मोबाइल से ही अपनी शिकायत सीधे प्रशासन तक पहुंचा सकेंगे और बाद में उस पर हुई कार्रवाई का अपडेट भी पा सकेंगे। इसके लिए नागरिकों को बस 8580090001 नंबर पर व्हाट्सऐप के जरिए संदेश भेजना होगा। जिनके लिए यह भी थोड़ा मुश्किल लगे, वे क्यूआर कोड स्कैन करके भी इस सेवा का फायदा उठा सकते हैं।

अपनी भाषा में करें शिकायत, दस्तावेज भी भेजें साथ
इस सेवा की सबसे खास बात यह है कि शिकायत दर्ज कराते समय लोग अपनी सुविधा के हिसाब से भाषा चुन सकेंगे, जिससे हर वर्ग के लोगों के लिए इसका इस्तेमाल आसान हो जाएगा। इतना ही नहीं, समस्या से जुड़ी जरूरी जानकारी के साथ-साथ जरूरी दस्तावेज या कागजात भी सीधे व्हाट्सऐप के जरिए भेजे जा सकेंगे। यानी अब आवेदन लेकर दफ्तर तक पहुंचने की मजबूरी पूरी तरह खत्म हो जाएगी।
पोर्टल से होगी निगरानी, SMS से मिलेगा अपडेट
व्हाट्सऐप पर मिलने वाली हर शिकायत को जिला प्रशासन के जन सहायता पोर्टल पर दर्ज किया जाएगा, और शिकायत की प्रकृति के हिसाब से उसे संबंधित विभाग या अधिकारी के पास भेज दिया जाएगा। इसके बाद उस शिकायत पर हुई कार्रवाई की निगरानी भी इसी पोर्टल के जरिए होती रहेगी। सबसे राहत वाली बात यह है कि अब शिकायतकर्ता को बार-बार दफ्तर के चक्कर लगाकर यह पूछने की जरूरत नहीं पड़ेगी कि उनकी शिकायत का क्या हुआ। पंजीकृत मोबाइल नंबर पर SMS के जरिए शिकायत की मौजूदा स्थिति और आगे की कार्रवाई की जानकारी समय-समय पर मिलती रहेगी।
ग्रामीण इलाकों के लिए साबित होगी वरदान
प्रशासन का मानना है कि यह सुविधा खासकर गांव और दूर-दराज इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए बेहद फायदेमंद साबित होगी, जिन्हें पहले शिकायत दर्ज कराने के लिए घंटों सफर करके शहर आना पड़ता था। इस नई व्यवस्था से न सिर्फ लोगों का समय बचेगा, बल्कि आने-जाने में होने वाला खर्च भी बचेगा और शिकायतों के निपटारे पर नजर रखना भी पहले से कहीं आसान हो जाएगा। इस मौके पर DDC नागेंद्र पासवान, SDM धालभूम अर्नव मिश्रा और अपर उपायुक्त अनुराग तिवारी भी मौजूद रहे।


