
Pakur crime news: पाकुड़ के अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र के छोटा कुस्कुट्टा गांव में ग्राम प्रधान की हत्या का मामला सामने आया है। 21 सितंबर को गांव में एक व्यक्ति का शव पड़े होने की सूचना पुलिस को मिली थी। मृतक की पत्नी चांदी पहाड़िन के बयान पर अमड़ापाड़ा थाना में कांड संख्या 72/2026 दर्ज किया गया।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान गांव के ग्राम प्रधान छोटा बामना पहाड़िया के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि रात के समय घर में घुसकर उनकी हत्या की गई थी।

SP ने बनाई SIT
मामले की गंभीरता को देखते हुए SP अनुदीप सिंह के निर्देश पर अमड़ापाड़ा थाना प्रभारी के नेतृत्व में SIT बनाई गई। टीम में तकनीकी टीम, फिंगरप्रिंट टीम और स्वान दस्ता को भी शामिल किया गया।
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और तकनीकी व मानवीय जानकारी जुटाई। इसके बाद संदिग्धों की तलाश में लगातार छापेमारी की गई।
8 घंटे में आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक, आधुनिक तकनीक और जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर टीम ने घटना के करीब 8 घंटे के भीतर धर्मा पहाड़िया (23) को गिरफ्तार कर लिया। वह छोटा कुस्कुट्टा गांव का ही रहने वाला बताया गया है।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान धर्मा ने मामले में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। हालांकि घटना के कारणों को लेकर पुलिस की जांच अभी जारी है।
आरोपी की निशानदेही पर हथियार बरामद
पुलिस के अनुसार, आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किए जाने की बात कही जा रही टांगी बरामद की गई है। इसके अलावा एक नारंगी रंग का प्रिंटेड गमछा भी जब्त किया गया है, जिस पर खून जैसे निशान होने की बात पुलिस ने कही है। इन सामानों को जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है।
कोर्ट में पेश करने की तैयारी
गिरफ्तार आरोपी धर्मा पहाड़िया, पिता स्वर्गीय देवा पहाड़िया, छोटा कुस्कुट्टा गांव का रहने वाला है। पुलिस उसे न्यायालय में पेश करने की तैयारी कर रही है। मामले में हत्या की वजह और घटना से जुड़े दूसरे पहलुओं की जांच जारी है।
कार्रवाई में अमड़ापाड़ा थाना प्रभारी अनुप रोशन भेंगरा, SI चंदन कुमार सिंह, SI बुदीलाल मुर्मू, विशेष छापामारी दल के SI पप्पु कुमार, लिट्टीपाड़ा थाना प्रभारी विवेक कुमार, महेशपुर थाना प्रभारी रवि कुमार शर्मा, पाकुड़िया थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो समेत तकनीकी शाखा और सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।


