
Palamu News: पलामू जिले के चैनपुर थाना इलाके से एक बहुत ही दुखद और कलेजा कंपा देने वाली खबर सामने आई है। बुधवार को बोकेया पतरिया गांव के पास कोयल नदी में करमा पूजा की मूर्ति विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। नदी के तेज बहाव में डूबने से 4 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 8 साल का एक मासूम बच्चा अभी भी लापता है। त्योहार की खुशियों के बीच हुए इस हादसे के बाद पूरे गांव में सन्नाटा पसार गया है।

अचानक गहरे पानी में चले गए 5 लोग
जानकारी के मुताबिक, बुधवार को गांव के लोग करमा पूजा का विसर्जन करने के लिए गाजे-बाजे के साथ कोयल नदी गए हुए थे। इसी दौरान नदी के पानी का अंदाजा न होने की वजह से 5 लोग गहराई में चले गए और डूबने लगे। चीख-पुकार मचते ही आसपास मौजूद लोगों ने बचाने की कोशिश की, लेकिन देखते ही देखते सभी पानी में समा गए। घटना की खबर मिलते ही चैनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कराया।

हादसे में इन 4 लोगों ने गंवाई जान
पुलिस और ग्रामीणों के सहयोग से चलाए गए सर्च ऑपरेशन में नदी से 4 लोगों के शव बाहर निकाल लिए गए हैं। मृतकों की पहचान नीतीश कुमार सिंह (18 वर्ष), अमित कुमार ठाकुर (22 वर्ष), राजा सिंह (12 वर्ष) और विशाल पासवान (16 वर्ष) के रूप में हुई है। ये सभी बोकेया पतरिया गांव के ही रहने वाले थे। एक साथ गांव के चार चिरागों के बुझ जाने से हर तरफ चीख-पुकार और मातम का माहौल है।
8 साल के मासूम की तलाश जारी
हादसे में 8 साल का मासूम बच्चा हेमंत कुमार सिंह (पिता- सुनील सिंह) भी डूब गया था, जो अभी तक लापता है। पुलिस और स्थानीय गोताखोरों की टीम नदी में लगातार सर्च अभियान चलाकर बच्चे की तलाश में जुटी हुई है। परिजनों की निगाहें नदी के किनारे टिकी हुई हैं।
परिजनों से मिलने पहुंचे पलामू एसपी, बांटी मदद
घटना की सूचना मिलते ही पलामू के पुलिस अधीक्षक (SP) कपिल चौधरी ने मामले को बेहद गंभीरता से लिया। एसपी खुद घटनास्थल और फिर पीड़ित परिवारों के घर पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया और कहा कि इस दुख की घड़ी में पलामू पुलिस पूरी तरह से उनके साथ खड़ी है। एसपी ने अपनी तरफ से पीड़ित परिवारों को तुरंत आर्थिक सहायता भी प्रदान की। मौके पर सदर एसडीओ, सदर एसडीपीओ और कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।


