
न्यायमूर्ति वी. कामेश्वर राव ने रविवार को पटना उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के पद की शपथ ली। बिहार लोक भवन, पटना में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन (सेवानिवृत्त) ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।

समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी समेत न्यायपालिका और प्रशासन से जुड़े कई वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे। शपथ लेने के बाद मुख्यमंत्री ने न्यायमूर्ति वी. कामेश्वर राव को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी और सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। (Patna High Court New Chief Justice)

Patna High Court New Chief Justice को मुख्यमंत्री ने दी बधाई
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने न्यायमूर्ति वी. कामेश्वर राव को पटना उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश का पद संभालने पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उम्मीद जताई कि न्यायमूर्ति राव के लंबे अनुभव और न्यायिक दक्षता का लाभ पटना उच्च न्यायालय को मिलेगा। मुख्यमंत्री ने उनके कार्यकाल के सफल रहने की भी कामना की।
1991 में शुरू किया था वकालत का सफर
न्यायमूर्ति वी. कामेश्वर राव का न्यायिक और विधिक क्षेत्र में लंबा अनुभव रहा है। उन्होंने वर्ष 1987 में दिल्ली विश्वविद्यालय से भूगोल में स्नातक की डिग्री हासिल की। इसके बाद 1990 में एलएलबी की पढ़ाई पूरी की।
मार्च 1991 में उन्होंने दिल्ली विधिज्ञ परिषद में अधिवक्ता के रूप में पंजीकरण कराया। वकालत के दौरान उन्होंने सुप्रीम कोर्ट, दिल्ली हाई कोर्ट और नई दिल्ली स्थित केंद्रीय प्रशासनिक अधिकरण (CAT) की प्रधान न्यायपीठ में विभिन्न मामलों की पैरवी की। उनके लंबे विधिक अनुभव को देखते हुए दिल्ली हाई कोर्ट ने वर्ष 2010 में उन्हें वरिष्ठ अधिवक्ता नामित किया।
दिल्ली हाई कोर्ट से कर्नाटक तक रहा न्यायिक अनुभव
17 अगस्त 2013 को न्यायमूर्ति वी. कामेश्वर राव को दिल्ली हाई कोर्ट का अतिरिक्त न्यायाधीश नियुक्त किया गया। इसके बाद 18 मार्च 2015 को वह स्थायी न्यायाधीश बने।
उन्होंने दिल्ली हाई कोर्ट में लंबे समय तक न्यायिक दायित्व निभाया। जून 2024 में उनका तबादला कर्नाटक हाई कोर्ट कर दिया गया। वहां उन्होंने कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के रूप में भी जिम्मेदारी संभाली।
जुलाई 2025 में वह दिल्ली लौटे। अब पटना हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में उनकी नियुक्ति हुई है।
न्यायमूर्ति वी. कामेश्वर राव के व्यापक न्यायिक और विधिक अनुभव को देखते हुए पटना हाई कोर्ट के न्यायिक प्रशासन को इसका लाभ मिलने की उम्मीद है। शपथ ग्रहण समारोह में न्यायपालिका और प्रशासन से जुड़े कई वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।


