
पटना: बिहार सरकार ने सोमवार, 14 सितंबर 2026 को पटना पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। जिला आदेश के तहत कई थानों के थानाध्यक्ष और पुलिस पदाधिकारियों का तबादला किया गया है। अधिकारियों को तत्काल अपने नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देने का निर्देश दिया गया है।

जारी आदेश के मुताबिक, दो वर्ष की अवधि पूरी होने और कुछ पदों पर रिक्ति के कारण पुलिस पदाधिकारियों का स्थानांतरण किया गया है। इस फेरबदल में पटना के कई प्रमुख थानों के प्रभारी भी बदले गए हैं।

शास्त्रीनगर और दानापुर के थानेदार बदले
तबादले के तहत दानापुर के थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार भारद्वाज को शास्त्रीनगर थाना की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं शास्त्रीनगर के थानाध्यक्ष रविन्द्र कुमार का तबादला दानापुर किया गया है।
इसी तरह बख्तियारपुर के थानाध्यक्ष देवानंद शर्मा को जक्कनपुर भेजा गया है। वहीं जक्कनपुर के थानाध्यक्ष ऋतुराज कुमार सिंह को पाटलिपुत्र थाना की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
शाहजहांपुर और पुनपुन में भी बदलाव
तबादले के तहत कंकड़बाग के थानाध्यक्ष अभय कुमार सिंह को शाहजहांपुर/दनियावां का पर्यवेक्षी पदाधिकारी बनाया गया है। वहीं पाटलिपुत्र के थानाध्यक्ष अतुलेश कुमार सिंह को बेलछी, मोकामा और सकसोहरा का पर्यवेक्षी पदाधिकारी बनाया गया है। पुनपुन की थानाध्यक्ष बेबी कुमारी को दनियावां भेजा गया है, जबकि शाहजहांपुर के थानाध्यक्ष को पुनपुन थाना की जिम्मेदारी दी गई है।
पुलिस केंद्र और SSP कार्यालय में भी नई जिम्मेदारी
इस फेरबदल में सिर्फ थानों के प्रभारी ही नहीं बदले गए हैं। कई पुलिस पदाधिकारियों को पुलिस केंद्र पटना, वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय और विभिन्न थानों में नई जिम्मेदारी दी गई है। जिला आदेश में सभी संबंधित अधिकारियों को अपने नए पदस्थापन स्थल पर शीघ्र योगदान देने का निर्देश दिया गया है।
दो साल पूरा होने पर हुआ फेरबदल
पुलिस विभाग में यह प्रशासनिक बदलाव मुख्य रूप से अधिकारियों के एक ही पदस्थापन स्थल पर दो वर्ष की अवधि पूरी होने और रिक्त पदों को भरने के कारण किया गया है। माना जा रहा है कि तबादले के बाद पटना के कई थाना क्षेत्रों में पुलिसिंग की जिम्मेदारियों में बदलाव देखने को मिलेगा।
जून में भी हुआ था बड़ा प्रशासनिक फेरबदल
इससे पहले 18 जून 2026 को बिहार में बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल किया गया था। उस दौरान कई IAS और IPS अधिकारियों का तबादला हुआ था। कई जिलों के डीएम और एसपी बदले गए थे।
पटना, मुजफ्फरपुर और नालंदा जैसे प्रमुख जिलों में भी प्रशासनिक अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दी गई थीं। सचिवालय स्तर पर भी कई वरिष्ठ अधिकारियों के विभाग बदले गए थे।
अब पटना पुलिस में हुए ताजा फेरबदल के बाद कई थानों की कमान नए अधिकारियों के हाथ में होगी। अधिकारियों को तत्काल नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देने का निर्देश दिया गया है।


