
Gumla: गुमला जिले के घाघरा प्रखंड मुख्यालय में ओबीसी आरक्षण की मांग को लेकर बुलाया गया बंद पूरी तरह से असरदार साबित हो रहा है। पिछड़ा वर्ग संघर्ष समिति के आह्वान पर सुबह से ही पूरा घाघरा बाजार बंद नजर आया। स्थानीय दुकानदारों ने भी इस आंदोलन का समर्थन करते हुए अपनी दुकानें पूरी तरह बंद रखीं, जिससे क्षेत्र की व्यावसायिक गतिविधियां ठप पड़ गईं।

सड़कों पर उमड़ी प्रदर्शनकारियों की भीड़
सुबह होते ही चांदनी चौक सहित प्रखंड के प्रमुख चौराहों पर बड़ी संख्या में ओबीसी समाज के लोग जुटना शुरू हो गए। सैकड़ों की तादाद में प्रदर्शनकारी सड़कों पर उतर आए और अपने अधिकारों की आवाज बुलंद करने लगे। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक उनकी जायज मांगों को पूरा नहीं किया जाता, तब तक उनका यह आंदोलन इसी तरह जारी रहेगा।

इस चक्का जाम और विरोध प्रदर्शन का सीधा असर सड़कों पर चलने वाली गाड़ियों पर पड़ा है। घाघरा के चांदनी चौक पर सैकड़ों समर्थकों के बीच में बैठने के कारण ट्रैफिक पूरी तरह ठप हो गया। इस जाम की वजह से 600 से अधिक बॉक्साइट ट्रकों के साथ-साथ अन्य व्यावसायिक और यात्री वाहनों के पहिये जहां के तहां थम गए।
सड़कों पर लगी गाड़ियों की लंबी कतार
सड़कों पर गाड़ियों की लंबी कतारें लगने और आवागमन पूरी तरह प्रभावित होने से राहगीरों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मौके पर मौजूद प्रदर्शनकारी शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग रख रहे हैं और प्रशासन से इस दिशा में ठोस पहल करने की बात कह रहे हैं। वहीं पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम भी सुरक्षा के लिहाज से पूरे इलाके पर नजर बनाए हुए है।


