
Ranchi: राजधानी रांची के शहीद मैदान के पास लगने वाले साप्ताहिक बाजार में पुलिस ने अवैध शराब की बिक्री और उसके सेवन के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस टीम ने बाजार में अवैध रूप से बेची जा रही शराब को मौके से जब्त कर लिया। इसके साथ ही पुलिस ने अवैध रूप से शराब बेचने वाले दुकानदारों को सख्त हिदायत दी कि वे भविष्य में दोबारा इस तरह की गतिविधि में शामिल न हों, वरना उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

जगन्नाथपुर और धुर्वा थाना पुलिस ने मिलकर की कार्रवाई
अवैध शराब के खिलाफ यह कार्रवाई जगन्नाथपुर थाना और धुर्वा थाना पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शहीद मैदान के साप्ताहिक बाजार में पिछले कुछ समय से अवैध शराब बेचने और खुले में शराब पीने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए दोनों थानों की पुलिस ने संयुक्त रूप से रणनीति बनाकर बाजार क्षेत्र में औचक जांच अभियान चलाया और अवैध शराब को जब्त किया।

आगे भी जारी रहेगा जांच अभियान, नियम तोड़ने वालों पर होगी जेल
कार्रवाई के बाद पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थलों और साप्ताहिक बाजारों में अवैध शराब की बिक्री और सेवन के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने कहा कि किसी भी सूरत में बाजार के माहौल को खराब करने की इजाजत नहीं दी जाएगी। पुलिस अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि कोई दोबारा अवैध रूप से शराब बेचते या खुले में शराब पीते हुए पकड़ा गया, तो उसके खिलाफ कानून के तहत सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।


