
Lohardag: लोहरदगा जिले के कुडू थाना क्षेत्र में फोरलेन सड़क निर्माण कार्य में बाधा डालने और दहशत फैलाने की अपराधियों की एक खौफनाक साजिश को पुलिस ने नाकाम कर दिया है। शनिवार की आधी रात को अपराधियों ने निर्माण स्थल पर खड़े भारी-भरकम रोड रोलर में आग लगाने का प्रयास किया। हालांकि, मौके पर मुस्तैद कुडू थाना पुलिस की पेट्रोलिंग टीम और एसएटी की गश्ती टीम की त्वरित सक्रियता के कारण अपराधी अपने नापाक मंसूबों में कामयाब नहीं हो सके।

पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने का प्रयास, पुलिस को देख चलाईं गोलियां
मिली जानकारी के अनुसार कुडू थाना क्षेत्र के ढुलूवा खूंटा से लातेहार जिले के उदयपुरा तक फोरलेन सड़क का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। NH-39 पर टीको पुल के पास इन दिनों सड़क की लेवलिंग और पुल पर गाइडर लगाने का काम किया जा रहा है। देर रात एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर दो अपराधी वहां पहुंचे। दोनों अपराधियों के पास प्लास्टिक की बोतलों में पेट्रोल था, जिसे उन्होंने वहां खड़े रोड रोलर पर छिड़ककर आग लगाने की कोशिश की। इसी दौरान गश्त कर रही पुलिस टीम की नजर उन पर पड़ गई। खुद को घिरता देख अपराधियों ने भागने की फिराक में पुलिस टीम पर दो राउंड अंधाधुंध फायरिंग कर दी।

पुलिस ने की जवाबी कार्रवाई, तीन राउंड फायरिंग के बाद भागे अपराधी
अपराधियों की ओर से अचानक हुई फायरिंग के जवाब में पुलिस टीम ने भी बिना वक्त गंवाए तुरंत मोर्चा संभाला और आत्मरक्षा में तीन राउंड पलटवार करते हुए गोलियां चलाईं। पुलिस की इस कड़ी जवाबी कार्रवाई और घेराबंदी से घबराकर दोनों अपराधी अंधेरे का फायदा उठाकर अपनी बाइक से मौके से भागने में सफल रहे। इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में पुलिस ने सतर्कता बढ़ाते हुए जांच और छापेमारी का दायरा बढ़ा दिया है।
SP सादिक अनवर रिजवी ने दी जानकारी
लोहरदगा के पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस पूरे मामले की बेहद गंभीरता से जांच कर रही है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लेकर साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास के लोगों से जानकारी ली है। पुलिस इस बात की भी गहनता से तफ्तीश कर रही है कि इस आगजनी की कोशिश के पीछे किसी आपराधिक गिरोह या लेवी वसूलने वाले संगठन का हाथ तो नहीं है। SP ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों की पहचान कर उनकी जल्द से जल्द गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है और निर्माण कार्य में लगी एजेंसी व कर्मियों को पूर्ण सुरक्षा दी जा रही है।


