
Dumka: दुमका में मयूराक्षी नदी पर बने प्रसिद्ध सेल्फी ब्रिज से सोमवार को एक महिला ने नदी में छलांग लगाकर जान देने की कोशिश की। गनीमत रही कि उस समय नदी में मौजूद स्थानीय मछुआरों ने फौरन तत्परता दिखाई और समय रहते महिला को गहरे पानी से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। मछुआरों की इस त्वरित सूझबूझ से एक बड़ा हादसा होने से टल गया।

भैरवपुर गांव की रहने वाली है महिला
सुरक्षित निकाली गई महिला की पहचान जामा थाना क्षेत्र के चिकनिया पंचायत स्थित भैरवपुर गांव निवासी महेश भंडारी की पत्नी रागिनी भंडारी के रूप में हुई है। स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के अनुसार महिला गर्भवती बताई जा रही है।

डॉक्टर के पास से निकलकर पहुंची थी ब्रिज
महिला के पति महेश भंडारी के अनुसार, सोमवार को बाइक से गिर जाने के कारण रागिनी को हल्की चोटें आई थीं, जिसके इलाज के लिए उसे चिकित्सक के पास लाया गया था। क्लिनिक में उपचार के दौरान वह अचानक वहां से निकल गई और सीधे मयूराक्षी नदी के सेल्फी ब्रिज पर पहुंच गई, जहां उसने बिना किसी को संभलने का मौका दिए नदी में छलांग लगा दी।
कदम उठाने का कारण स्पष्ट नहीं, घर लौटे परिजन
महिला द्वारा यह कदम उठाए जाने के सही कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। मछुआरों द्वारा सुरक्षित निकाले जाने और स्थिति सामान्य होने के बाद परिजन महिला को समझा-बुझाकर अपने साथ घर ले गए हैं।


