
NEW DELHI: शनिवार को नई दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में पार्टी का कुनबा और मजबूत हुआ। आम आदमी पार्टी (AAP) की पूर्व मुख्य राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं सुप्रीम कोर्ट की वरिष्ठ अधिवक्ता प्रियंका कक्कड़, उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री व 8 बार के विधायक श्याम सुंदर शर्मा और वरिष्ठ पत्रकार रजत राकेश टंडन ने औपचारिक रूप से कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली।

पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने कराई सदस्यता
कांग्रेस के राज्यसभा सांसद राजीव शुक्ला, सैयद नसीर हुसैन और पार्टी के मीडिया विभाग के अध्यक्ष पवन खेड़ा समेत कई वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में तीनों नेताओं को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता दिलाई गई। इस दौरान पार्टी नेताओं ने उनका स्वागत करते हुए कहा कि इनके आने से उत्तर प्रदेश और देश भर में कांग्रेस संगठन को मजबूती मिलेगी।

प्रियंका कक्कड़ का ‘आप’ नेतृत्व पर तीखा हमला
कांग्रेस में शामिल होने के बाद प्रियंका कक्कड़ ने आम आदमी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि एक समय ‘आप’ ने गाड़ी और बंगला न लेने का वादा किया था, लेकिन आज पार्टी के लोग निजी यात्राओं के लिए हेलीकॉप्टर का इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी में प्रतिभाशाली लोगों की अनदेखी की जा रही है और राजस्थान से लाकर ऐसे लोगों को पंजाब में वरिष्ठ पद दिए जा रहे हैं, जिन्होंने कभी बूथ स्तर पर काम तक नहीं किया। उन्होंने राहुल गांधी के निडर नेतृत्व की तारीफ करते हुए कहा कि वे जनहित के मुद्दों पर जनता को लगातार जागरूक कर रहे हैं।
मानववाद और विचारधारा की बात करती है कांग्रेस: श्याम सुंदर शर्मा
उत्तर प्रदेश की राजनीति का बड़ा चेहरा और 8 बार के विधायक रहे श्याम सुंदर शर्मा ने कहा कि राजनीति का असली मतलब परिश्रम, प्रतिबद्धता और जनता के प्रति जवाबदेही है, जो सिर्फ कांग्रेस में देखने को मिलती है। उन्होंने कहा कि अन्य दल जहां जाति और धर्म की राजनीति करते हैं, वहीं राहुल गांधी और कांग्रेस ‘मानववाद’ की बात करते हैं।
पारिवारिक जुड़ाव और निष्पक्षता की वजह से आया: रजत टंडन
पत्रकार रजत राकेश टंडन ने कहा कि उनके परिवार का कांग्रेस की विचारधारा से पुराना जुड़ाव रहा है। दो दशकों से अधिक समय तक पत्रकारिता करने के दौरान उन्होंने पाया कि कांग्रेस एक ऐसी पार्टी है जहां कार्यकर्ताओं और आम लोगों की आवाज सुनी जाती है।
उत्तर प्रदेश और राष्ट्रीय राजनीति में दिखेगा असर: राजीव शुक्ला
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद राजीव शुक्ला ने कहा कि श्याम सुंदर शर्मा उत्तर प्रदेश के सबसे प्रभावशाली और अनुभवी नेताओं में से एक हैं। उनके साथ प्रियंका कक्कड़ और रजत टंडन के आने से पार्टी को राष्ट्रीय स्तर पर एक नया आधार मिलेगा।


