
Ranchi: रांची में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पूर्व मंत्री दिवंगत विमला प्रधान को श्रद्धांजलि दी। शनिवार को मुख्यमंत्री लोअर करमटोली रोड नंबर-2 स्थित विमला प्रधान के आवास पहुंचे और उनके पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर अंतिम श्रद्धांजलि दी।

परिजनों से मिलकर जताई संवेदना
मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात की और अपनी गहरी संवेदना जताई। उन्होंने मरांग बुरु से दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिजनों, समर्थकों व शुभचिंतकों को इस मुश्किल समय में दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

‘जनता के प्रति उनका समर्पण हमेशा याद रहेगा’
हेमंत सोरेन ने कहा कि पूर्व मंत्री विमला प्रधान के निधन की खबर बेहद पीड़ादायक है। सार्वजनिक जीवन में उनका योगदान और जनता के प्रति समर्पण हमेशा याद किया जाएगा। उन्होंने सिमडेगा समेत पूरे झारखंड के विकास के लिए लंबे समय तक सक्रिय भूमिका निभाई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विमला प्रधान समाज के अलग-अलग वर्गों और समुदायों के कल्याण के लिए लगातार काम करने वाली सजग और कर्मठ जनप्रतिनिधि थीं। उनका निधन झारखंड के लिए एक बड़ी क्षति है।


