
Rahul Gandhi: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आगामी नवंबर महीने के पहले सप्ताह में झारखंड के दो दिवसीय अहम दौरे पर आ रहे हैं। इस दौरान वे राज्य में दो प्रमुख कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे, जिनमें आदिवासी बाहुल्य क्षेत्रों में पेसा नियमावली के प्रभावी क्रियान्वयन और पार्टी संगठन को पारिवारिक स्तर पर एकजुट करने पर मुख्य फोकस रहेगा। पार्टी के झारखंड प्रभारी के. राजू ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश को औपचारिक पत्र भेजकर दोनों कार्यक्रमों की व्यापक तैयारियां तत्काल शुरू करने का निर्देश दिया है।

खूंटी में पारंपरिक ग्राम प्रधानों से सीधा संवाद
राहुल गांधी का पहला मुख्य कार्यक्रम खूंटी में आयोजित किया जाएगा। यहां वे संविधान की पांचवीं अनुसूची के अंतर्गत आने वाले गांवों के पारंपरिक ग्राम प्रधानों के साथ सीधे रूबरू होंगे और पेसा (PESA) नियमावली के जमीनी क्रियान्वयन पर संवाद करेंगे। झारखंड प्रभारी ने प्रदेश नेतृत्व को निर्देश दिया है कि पांचवीं अनुसूची क्षेत्र के सभी गांवों के पारंपरिक ग्राम प्रधानों की प्रमाणित सूची संबंधित जिला कांग्रेस कमेटियों के साथ साझा की जाए, ताकि कार्यक्रम में सभी की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।

अक्तूबर में प्रखंड स्तर पर लगेंगी पेसा कार्यशालाएं
राहुल गांधी के दौरे की पृष्ठभूमि तैयार करने के लिए अक्तूबर माह में ही प्रखंड मुख्यालय स्तर पर पारंपरिक ग्राम सभा प्रधानों के लिए पेसा नियमावली पर विशेष प्रशिक्षण कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। इन कार्यशालाओं में संबंधित जिला अध्यक्ष, प्रखंड अध्यक्ष और पेसा मास्टर ट्रेनर की मौजूदगी अनिवार्य की गई है। इसके साथ ही पंचायती राज विभाग से समन्वय बनाकर ग्राम प्रधानों को पहचान पत्र जारी कराने का अनुरोध करने और बैठक में शामिल होने वाले सभी प्रधानों को व्यक्तिगत आमंत्रण पत्र भेजने का निर्देश दिया गया है।
रांची में DCC अध्यक्षों और उनके परिजनों संग बैठक
दौरे का दूसरा महत्वपूर्ण कार्यक्रम राजधानी रांची में आयोजित होगा। इस कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी (DCC) के अध्यक्षों के लिए विशेष प्रशिक्षण सत्र रखा गया है। साथ ही राहुल गांधी जिला अध्यक्षों के परिजनों के साथ एक आत्मीय बैठक भी करेंगे। प्रदेश प्रभारी ने कहा है कि तारीख तय होते ही सभी जिला अध्यक्षों को सपरिवार उपस्थित होने की आधिकारिक सूचना दी जाएगी, जिससे संगठन में पारिवारिक जुड़ाव और विश्वास को मजबूती दी जा सके।
राज्य और जिला स्तर पर कमेटियां करेंगी निगरानी
दोनों महत्वपूर्ण कार्यक्रमों के सुचारू संचालन और प्रबंधन के लिए राज्य एवं जिला स्तर पर विशेष समन्वय समितियों का गठन किया जा रहा है। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी (JPCC) के उपाध्यक्ष, प्रदेश प्रभारी और जिला प्रभारी इन सभी तैयारियों की नियमित मॉनिटरिंग करेंगे। विधानसभा चुनाव के बाद राहुल गांधी का यह प्रस्तावित दौरा संगठनात्मक और राजनीतिक रूप से काफी अहम माना जा रहा है।


