
Bokaro: दुर्गा पूजा और त्योहारों के सीजन में ट्रेनों में होने वाली भारी भीड़-भाड़ को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए बड़ा कदम उठाया है। हर साल की तरह इस साल भी स्पेशल ट्रेनों को चलाने की व्यवस्था की गई है। इसी के तहत रांची से बोकारो होकर दो स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी, जिससे यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलने में काफी सहूलियत होगी।

रांची से अलीपुर द्वार के लिए चलेगी पहली स्पेशल ट्रेन
पहली स्पेशल ट्रेन संख्या 08661 रांची से हर सोमवार को देर रात 11:25 बजे रवाना होगी और बोकारो स्टेशन पर रात 1:30 बजे पहुंचेगी। वहां से आगे बढ़ते हुए यह ट्रेन बुधवार सुबह 4:00 बजे अलीपुर द्वार पहुंचेगी। यह ट्रेन 12 अक्टूबर से 9 नवंबर तक कुल 5 फेरे (ट्रिप) लगाएगी, जिसमें जनरल और एसी डिब्बों को मिलाकर कुल 22 कोच होंगे। वहीं वापसी में ट्रेन संख्या 08662 अलीपुर द्वार से हर बुधवार सुबह 7:00 बजे खुलेगी और बोकारो होते हुए गुरुवार सुबह 9:15 बजे रांची पहुंचेगी। यह ट्रेन रांची, बोकारो, धनबाद, मधुपुर, जसीडीह, झाझा, क्यूल, बेगुसराय, कटिहार और सिलीगुड़ी समेत कई प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी।

रांची से शालीमार के लिए चलेगी दूसरी स्पेशल ट्रेन
इसके अलावा रेलवे ने रांची से शालीमार के बीच भी 16 डिब्बों वाली एक और स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की है। यह ट्रेन 14 अक्टूबर से 27 नवंबर तक कुल 14 फेरे (ट्रिप) लगाएगी। ट्रेन संख्या 08616 हर बुधवार और शुक्रवार को देर रात 11:09 बजे रांची से खुलेगी, जो रात लगभग 1:25 बजे बोकारो स्टेशन पहुंचेगी।
वापसी का पूरा शेड्यूल और रूट
वापसी में ट्रेन संख्या 08615 शालीमार से 15 अक्टूबर से 28 नवंबर तक हर मंगलवार और शनिवार को चलाई जाएगी। यह ट्रेन शालीमार से रात 10:15 बजे खुलेगी और अगले दिन सुबह 5:00 बजे बोकारो पहुंचेगी, जिसके बाद सुबह पौने आठ बजे रांची पहुंचेगी। यह ट्रेन अपनी यात्रा के दौरान रांची, बोकारो, भोजुडीह, आद्रा, विष्णुपुर, मिदनापुर और खड़गपुर होकर शालीमार तक का सफर तय करेगी।


