
Ramgarh: रामगढ़ जिले के CCL कुजू एरिया के सारुबेड़ा आवासीय परिसर में लगातार बारिश के बीच बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहां चार आवासीय क्वार्टरों का पिछला हिस्सा अचानक ढह गया। भवन का हिस्सा गिरने के समय आसपास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

पहले से जर्जर था भवन
बताया जा रहा है कि जिन क्वार्टरों का हिस्सा गिरा, उनकी हालत पहले से ही खराब थी। लगातार बारिश के कारण भवन की स्थिति और कमजोर हो गई और अचानक पिछला हिस्सा भरभराकर नीचे आ गिरा।

घटना के बाद आसपास रहने वाले CCL कर्मचारियों और उनके परिवारों में चिंता बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि आवासीय परिसर में कई दूसरे क्वार्टर भी काफी पुराने और जर्जर हालत में हैं।
दूसरे क्वार्टरों पर भी खतरा
लगातार बारिश के बीच जर्जर भवनों को लेकर लोगों की चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों को आशंका है कि कमजोर हो चुके दूसरे क्वार्टर भी बारिश के कारण प्रभावित हो सकते हैं।
कुछ परिवारों ने खाली किया आवास
क्वार्टर का हिस्सा गिरने के बाद भी कुछ कर्मचारी और उनके परिवार उसी भवन में रहने को मजबूर बताए जा रहे हैं। वहीं कुछ परिवारों ने सुरक्षा को देखते हुए अपना आवास खाली कर दूसरी जगह जाना बेहतर समझा है।


