
Ranchi: झारखंड सरकार ने दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के निधन के बाद उनके पास रहे विभागों के नए आबंटन की औपचारिक प्रक्रिया पूरी कर ली है। मंत्रिमंडल समन्वय विभाग की ओर से इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है। इसके तहत उच्च एवं तकनीकी शिक्षा, नगर विकास एवं आवास तथा कला, संस्कृति, खेलकूद एवं पर्यटन विभाग अब सीधे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के जिम्मे आ गए हैं और इन सभी विभागों का प्रभार अब वे संभालेंगे।

6 सितंबर को हुआ था सुदिव्य कुमार सोनू का निधन
गौरतलब है कि मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू का गत 6 सितंबर को असामयिक निधन हो गया था, जिसके बाद से उनके अधीन आने वाले ये महत्वपूर्ण विभाग खाली हो गए थे। सरकार ने अब अधिसूचना जारी कर इन विभागों की जिम्मेदारी मुख्यमंत्री को सौंप दी है।

फिलहाल दोनों दिवंगत मंत्रियों के विभाग सीएम के पास
इससे पहले पूर्व मंत्री रामदास सोरेन के निधन के बाद उनके पास रहे विभागों की जिम्मेदारी भी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ही संभाल रहे हैं। इस प्रकार वर्तमान में सरकार के दो दिवंगत मंत्रियों, रामदास सोरेन और सुदिव्य कुमार सोनू, के तमाम विभाग मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के ही प्रत्यक्ष नियंत्रण और कार्यभार के अधीन आ गए हैं।


