
Ramgarh news: दुर्गापूजा की छुट्टियां मनाने अपने घर लौट रहे एक परिवार के साथ रामगढ़ जिले की चुटूपालू घाटी में दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रविवार रात करीब आठ बजे रांची-पटना मुख्य मार्ग पर एक तेज रफ्तार कंटेनर ने उनकी बलेनो कार को जोरदार टक्कर मार दी। इस भयानक हादसे में कार में सवार तीन लोगों की मौके पर ही जान चली गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और हजारीबाग के मिशन स्कूल रोड स्थित परिवार के घर में त्योहार की खुशियां पूरी तरह मातम में बदल गईं।

बेंगलुरु से लौटे थे सॉफ्टवेयर इंजीनियर दंपती, पिता लेने गए थे रांची
मृतकों की पहचान हजारीबाग निवासी और SBI के 70 वर्षीय रिटायर्ड अधिकारी प्रिमांशु चक्रवर्ती, उनके 32 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर बेटे प्रोनई चक्रवर्ती और बहू प्रोयाशु चक्रवर्ती के रूप में हुई है। प्रोनई और उनकी पत्नी प्रोयाशु दोनों बेंगलुरु में सॉफ्टवेयर इंजीनियर थे और दुर्गापूजा पर परिजनों के साथ त्योहार मनाने घर आ रहे थे। बुजुर्ग पिता प्रिमांशु चक्रवर्ती खुद बेटे और बहू को रिसीव करने के लिए अपनी कार से रांची एयरपोर्ट गए थे। वहां से सभी लोग खुशी-खुशी घर लौट रहे थे, लेकिन रास्ते में ही यह अनहोनी हो गई।

पत्नी और ड्राइवर गंभीर रूप से घायल, अस्पताल में चल रहा इलाज
कंटेनर की भीषण टक्कर में कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में प्रिमांशु चक्रवर्ती की पत्नी रीना चक्रवर्ती और कार का ड्राइवर राजू कुमार गंभीर रूप से जख्मी हो गए हैं। स्थानीय लोगों और राहगीरों की मदद से पुलिस ने घायलों को तुरंत कार से बाहर निकाला और इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।


