
Ranchi: दुर्गा पूजा और दशहरा के दौरान घर जाने की तैयारी कर रहे रेल यात्रियों के लिए जरूरी खबर है। चक्रधरपुर रेल मंडल के राउरकेला सेक्शन में बंडामुंडा केबिन के पास नई पांचवीं रेल लाइन को मुख्य लाइन से जोड़ने का काम किया जाना है। इसके चलते 25 सितंबर से 3 अक्टूबर तक इस रूट पर ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा।

रेलवे ने इस अवधि में अलग-अलग तारीखों पर 22 ट्रेनों को रद्द करने का फैसला लिया है। वहीं, दो प्रमुख ट्रेनों को उनके निर्धारित रूट के बजाय बदले हुए मार्ग से चलाया जाएगा।

इन ट्रेनों पर पड़ेगा असर
रद्द होने वाली ट्रेनों में टाटानगर-हटिया एक्सप्रेस, टाटानगर-बिलासपुर एक्सप्रेस, इतवारी-टाटानगर एक्सप्रेस, राउरकेला-टाटानगर मेमू, संबलपुर-जम्मूतवी एक्सप्रेस, हटिया-झारसुगुड़ा एक्सप्रेस, हटिया-राउरकेला पैसेंजर, राउरकेला-जयनगर एक्सप्रेस और बादामपहाड़-राउरकेला एक्सप्रेस शामिल हैं।
इसके अलावा हावड़ा से चलने वाली इस्पात एक्सप्रेस की सेवाएं भी प्रभावित रहेंगी। निर्धारित अवधि में हावड़ा-कांटाबांजी और हावड़ा-जूनागढ़ रोड इस्पात एक्सप्रेस को रद्द किया गया है। मुंबई-सांतरागाछी स्पेशल ट्रेन भी इस काम से प्रभावित होगी।
राजधानी और उत्कल एक्सप्रेस का बदलेगा रास्ता
रेलवे ने नई दिल्ली-भुवनेश्वर राजधानी एक्सप्रेस और पुरी-योगनगरी ऋषिकेश उत्कल एक्सप्रेस के रूट में भी बदलाव किया है।
राजधानी एक्सप्रेस 27 सितंबर को गोमो-आद्रा-हिजली-भद्रक-कटक होकर चलेगी। वहीं उत्कल एक्सप्रेस 30 सितंबर और 1 अक्टूबर को कटक-संबलपुर सिटी-झारसुगुड़ा रोड-ईब के रास्ते संचालित की जाएगी।
टिकट लेने से पहले ट्रेन का स्टेटस जरूर देखें
दुर्गा पूजा के दौरान बड़ी संख्या में लोग ट्रेन से सफर करते हैं। ऐसे में यात्रियों को सलाह दी गई है कि यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन के परिचालन की तारीख, रद्द होने की स्थिति और बदले हुए रूट की जानकारी जरूर जांच लें, ताकि स्टेशन पहुंचने के बाद किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।


