
JPSC JSSC Protest : JPSC और JSSC परीक्षाओं को लेकर हुए आंदोलन के क्रम में रांची के अल्बर्ट एक्का चौक पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन करने के दौरान हुए बवाल और एक युवक से मारपीट के मामले में नया मोड़ आया है। मामले के नामजद आरोपी चंडी तिवारी, जयप्रकाश और रविंद्र की ओर से दायर अग्रिम जमानत याचिका पर रांची सिविल कोर्ट में सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान अदालत ने पुलिस को मामले से संबंधित अद्यतन केस डायरी पेश करने का निर्देश दिया है।

अदालत ने तय की अगली सुनवाई की तारीख
अदालत ने पुलिस को केस डायरी प्रस्तुत करने का आदेश देते हुए अग्रिम जमानत याचिका पर अगली सुनवाई की तिथि मुकर्रर की है। तब तक के लिए आरोपियों को कोई स्पष्ट अंतरिम राहत नहीं मिली है, जिससे उन पर गिरफ्तारी का खतरा लगातार बना हुआ है। सुनवाई के दौरान चंडी तिवारी, जयप्रकाश और रविंद्र की ओर से उनके अधिवक्ता सूरज किशोर प्रसाद ने अदालत के समक्ष पक्ष रखा और जमानत दिए जाने के पक्ष में दलीलें पेश कीं।

आजाद बस्ती निवासी शाहबाज आलम ने दर्ज कराई है नामजद प्राथमिकी
पूरा मामला राजधानी के लोअर बाजार थाना क्षेत्र से जुड़ा है। रांची के आजाद बस्ती निवासी शाहबाज आलम ने तीनों आरोपियों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है। शाहबाज का आरोप है कि अल्बर्ट एक्का चौक पर पुतला दहन और विरोध प्रदर्शन के दौरान आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज, मारपीट और जानलेवा हमला किया।
लोअर बाजार थाना कांड संख्या 185/2026 के तहत दर्ज है केस
पीड़ित की लिखित शिकायत के आधार पर लोअर बाजार थाने में कांड संख्या 185/2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और कोर्ट द्वारा केस डायरी तलब किए जाने के बाद जांच अधिकारी साक्ष्यों को अदालत में पेश करने की तैयारी में जुट गए हैं।


