
Ranchi : राजधानी रांची में साइबर अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि अब वे गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों के परिजनों को भी अपना शिकार बनाने से नहीं चूक रहे हैं। ताजा मामले में साइबर अपराधियों ने एक कैंसर पीड़ित महिला के परिजन को मदद का झांसा देकर उनके बैंक खाते से 1.20 लाख रुपये की ठगी कर ली। इस संबंध में गढ़वा जिले के निवासी प्रभाश कुमार पांडेय ने रांची के साइबर क्राइम थाने में पहुंच कर लिखित शिकायत दर्ज कराई है।

एक महीने से रांची में चल रहा था मां का इलाज
पीड़ित प्रभाश कुमार पांडेय ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि उनकी मां कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से पीड़ित हैं। बीते एक महीने से वे अपनी मां का इलाज रांची स्थित एक प्रमुख कैंसर अस्पताल में करवा रहे हैं। इसी दौरान 13 सितंबर को उनके मोबाइल पर एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया। फोन करने वाले व्यक्ति ने खुद को मददगार बताकर मां के इलाज में वित्तीय सहायता दिलाने का झांसा दिया और बातों-बातों में उनके बैंक खाते की गोपनीय जानकारी हासिल कर ली।

खाते की जानकारी मिलते ही साफ किए पैसे
शातिर ठग ने जैसे ही खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी हासिल की, उसके कुछ ही देर बाद प्रभाश कुमार पांडेय के बैंक खाते से 1.20 लाख रुपये की राशि कट गई। मोबाइल पर पैसे कटने का मैसेज देखते ही पीड़ित के होश उड़ गए। जब उन्हें एहसास हुआ कि वे साइबर धोखाधड़ी के शिकार हो चुके हैं, तो उन्होंने तुरंत साइबर क्राइम थाने का रुख किया।
साइबर क्राइम थाना पुलिस कर रही मामले की जांच
पीड़ित की शिकायत के आधार पर रांची के साइबर क्राइम थाने में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिस नंबर से फोन आया था और जिस खाते या वॉलेट में पैसे ट्रांसफर किए गए हैं, उनकी तकनीकी जांच की जा रही है। पुलिस टीम संदिग्ध नंबरों का लोकेशन ट्रैक कर अपराधियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।


