
Ranchi News: भारतीय जनता पार्टी (BJP) प्रदेश इकाई ने बुधवार को राजधानी रांची के प्रमुख हरमू चौक का नामकरण करते हुए इसे ‘विकसित भारत संकल्प चौक’ का नाम दिया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के नेतृत्व में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों और गाजे-बाजे के साथ हरमू चौक पहुंचकर इस नामकरण कार्यक्रम को धूमधाम से संपन्न कराया।

2047 तक भारत को आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि साल 2047 तक भारत को एक सशक्त और आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाना केंद्र सरकार के साथ-साथ देश के हर नागरिक का दृढ़ संकल्प है। इसी भावना को जन-जन तक पहुंचाने और लोगों को देश के विकास से जोड़ने के लिए हरमू चौक का नाम बदलकर ‘विकसित भारत संकल्प चौक’ किया गया है। उन्होंने कहा कि यह चौक अब रोजाना गुजरने वाले लोगों को विकसित भारत के लक्ष्य और राष्ट्र निर्माण में उनकी जिम्मेदारी की याद दिलाता रहेगा।

समाज के हर वर्ग की भागीदारी जरूरी

प्रदेश अध्यक्ष ने जोर देकर कहा कि विकसित भारत का सपना केवल बयानों से नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग और हर नागरिक की सक्रिय भागीदारी से ही साकार होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे प्रधानमंत्री के विकसित भारत के संदेश को घर-घर तक पहुंचाएं और देश के विकास में अपना योगदान दें।
कार्यक्रम में कई वरिष्ठ नेता और विधायक रहे मौजूद

इस गरिमामय नामकरण कार्यक्रम में रांची विधायक सीपी सिंह, हटिया विधायक नवीन जायसवाल, रांची की मेयर रोशनी खलखो, डिप्टी मेयर नीरज कुमार, हेमंत दास, शशांक राज, संदीप वर्मा, शोभा यादव, सतीश सिन्हा, सीमा सिंह, सूरज शाहदेव, रमेश सिंह, वरुण साहू, आरती सिंह, सुनील साहू, सुचिता सिंह, रंजीता सिंह और ललित ओझा समेत पार्टी के सैकड़ों पदाधिकारी और समर्थक मौजूद थे।


