
Lohardaga: विश्व पर्यटन दिवस के शुभ अवसर पर झारखंड के पर्यटन क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने के लिए लोहरदगा की प्रतिष्ठित एजेंसी ‘न्यू मित्तल ट्रेवल्स’ को राज्य के ‘बेस्ट ट्रैवल एजेंट अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान 27 सितंबर 2026 की शाम रांची स्थित आद्रे हाउस में आयोजित एक विशेष राज्यस्तरीय समारोह में दिया गया। इस सम्मान से लोहरदगा जिले के पर्यटन जगत में खुशी की लहर है।

पूरे झारखंड से चुने गए केवल दो ट्रैवल एजेंट
झारखंड सरकार के पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग द्वारा आयोजित इस समारोह में पूरे राज्य से केवल दो ट्रैवल एजेंटों का चयन किया गया था। इनमें लोहरदगा के न्यू मित्तल ट्रेवल्स का चयन होना जिले के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

उच्च अधिकारियों के हाथों मिला सम्मान
यह सम्मान पर्यटन विभाग के सचिव मुकेश कुमार, निदेशक प्रियेश नमन लकड़ा, जनरल मैनेजर राजीव कुमार तथा आईएचएम (IHM) रांची के प्रिंसिपल डॉ. भूपेश के हाथों न्यू मित्तल ट्रेवल्स के डायरेक्टर कौशल मित्तल को प्रदान किया गया। कौशल मित्तल लंबे समय से लोहरदगा के पर्यटन स्थलों को राष्ट्रीय और राज्य स्तर पर पहचान दिलाने तथा पर्यटकों को बेहतर सेवाएं देने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
जिले के पर्यटन को मिलेगी नई पहचान
पुरस्कार प्राप्त करने के बाद कौशल मित्तल ने झारखंड सरकार और पर्यटन विभाग का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान सिर्फ उनका नहीं, बल्कि पूरे लोहरदगा जिले और उनकी टीम का है। यह पुरस्कार उन्हें झारखंड के खूबसूरत पर्यटन स्थलों को देश-दुनिया के मानचित्र पर उभारने के लिए और अधिक ऊर्जा देगा।


