
Ranchi: रांची के डंगराटोली चौक के पास शुक्रवार को मोबाइल छीनकर भाग रहे एक युवक को ट्रैफिक पुलिस के जवान ने दौड़ाकर पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान इस्लाम नगर निवासी दिलशाद उर्फ बिल्लू के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से छीना गया मोबाइल भी बरामद कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, जोन्हा निवासी भोंदू बेदिया डंगराटोली चौक के पास मौजूद थे। इसी दौरान दिलशाद ने उनसे बातचीत शुरू की और इसी बहाने मोबाइल मांगा। मोबाइल हाथ में आते ही वह वहां से भागने लगा।

टोटो में बैठकर भागने की कोशिश
मोबाइल छीनकर भागते देख भोंदू बेदिया ने शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर आरोपी बचने के लिए एक टोटो में बैठ गया और वहां से निकलने की कोशिश की। हालांकि, कुछ दूर जाने के बाद उसने टोटो से छलांग लगा दी और पैदल ही भागने लगा।
ट्रैफिक जवान ने दौड़ाकर दबोचा
आरोपी के पीछे पीड़ित के शोर की आवाज सुनकर पास में तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मी सुग्रीव कुमार यादव ने उसका पीछा शुरू कर दिया। जवान ने कुछ दूर तक दौड़ाने के बाद पीस रोड में दिलशाद को पकड़ लिया और उसे पीसीआर के हवाले कर दिया।
तलाशी में बरामद हुआ मोबाइल
पुलिस के अनुसार, आरोपी की तलाशी लेने पर उसके पास से भोंदू बेदिया का मोबाइल बरामद हो गया। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।


