
Ranchi: रांची के नामकुम थाना क्षेत्र में मसाज के नाम पर घर बुलाकर लोगों से लूटपाट और ब्लैकमेल करने के मामले का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने इस मामले में एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, 25 सितंबर को पुरानी रांची निवासी मो. नसीम ने नामकुम थाना में लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में घर बुलाकर मारपीट करने, सामान लूटने और रंगदारी मांगने का आरोप लगाया गया था।

तकनीकी सूचना के आधार पर गिरफ्तारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए सानिया प्रवीण, उसके पति मो. हैदर और मो. वसीम उर्फ छोटू को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से रंगदारी मांगने में इस्तेमाल किए गए दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार ऐसे बनाते थे लोगों को निशाना
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस का दावा है कि गिरोह की एक महिला सदस्य मोबाइल के जरिए लोगों से संपर्क करती थी और उन्हें मसाज के बहाने घर बुलाया जाता था।
पुलिस के अनुसार, घर पहुंचने के बाद पहले से मौजूद आरोपी उनके साथ मारपीट करते थे। इसके बाद आपत्तिजनक वीडियो बनाकर उन्हें ब्लैकमेल किया जाता था और पैसे की मांग की जाती थी। पुलिस का कहना है कि पीड़ितों से गहने और नकदी भी लूट ली जाती थी।
नसीम से 46 हजार और सोने की चेन लूटने का आरोप
पुलिस के अनुसार मो. नसीम को भी इसी तरीके से घर बुलाया गया था। आरोप है कि उसके साथ मारपीट कर 46 हजार रुपये और गले में पहनी सोने की चेन लूट ली गई। इसके बाद वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करते हुए उससे 5 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप है।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने पूछताछ में इस तरह की घटनाओं को योजनाबद्ध तरीके से अंजाम देने की बात बताई है। हालांकि, इस मामले में अन्य पीड़ितों या घटनाओं की पुष्टि जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
महिला समेत तीन गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सानिया प्रवीण, मो. हैदर और मो. वसीम उर्फ छोटू के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार मो. हैदर और मो. वसीम का पूर्व आपराधिक इतिहास भी रहा है।
कार्रवाई में वरीय पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय प्रथम अमर कुमार पांडेय, नामकुम थाना के प्रभारी रामनारायण सिंह, पुलिस पदाधिकारी शशि रंजन, जयदेव कुमार सराक, उज्जवल कुमार सिंह, तारकेश्वर प्रसाद केशरी समेत नामकुम थाना के सशस्त्र बल शामिल रहे।


