
Hemant Soren: रांची बड़गांई अंचल की 8.86 एकड़ जमीन से जुड़े कथित फर्जीवाड़े के मामले में गुरुवार को रांची स्थित PMLA की विशेष अदालत में सुनवाई हुई। विशेष न्यायाधीश योगेश कुमार की अदालत में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ आरोप गठन के बिंदु पर सुनवाई निर्धारित थी। इस दौरान मुख्यमंत्री वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (VC) के जरिए कोर्ट में उपस्थित हुए।

मुख्यमंत्री ने मांगा समय, कोर्ट ने दी 30 सितंबर की तारीख
सुनवाई के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) की ओर से दिए गए दस्तावेजों को देखने और पढ़ने के लिए अदालत से समय देने का अनुरोध किया। इस पर अदालत ने कहा कि अभी आरोप गठन का चरण है, दस्तावेजों के अध्ययन का नहीं।

ED ने मामले में 22 दस्तावेज उपलब्ध कराए हैं, जिन्हें देखने के लिए मुख्यमंत्री की ओर से समय की मांग की गई थी। अदालत ने मुख्यमंत्री के आग्रह को ध्यान में रखते हुए आरोप गठन के लिए अब 30 सितंबर की सुबह 11:15 बजे का समय निर्धारित किया है।
16 अन्य आरोपियों पर पहले ही तय हो चुके हैं आरोप
इस मामले में PMLA की विशेष अदालत पूर्व में ही अंतू तिर्की और आर्किटेक्ट विनोद कुमार सिंह सहित कुल 16 आरोपियों के खिलाफ आरोप तय कर चुकी है।
इस मामले में राजस्वकर्मी भानु प्रताप प्रसाद, अंतू तिर्की, बिजेंद्र सिंह, बिपिन सिंह, प्रियरंजन सहाय, मनोज कुमार यादव, कुमार राजश्री, राजकुमार पाहन, संजीत कुमार, विनोद कुमार सिंह, शेखर कुशवाहा, तापस घोष, मोहम्मद इरशाद अख्तर, अफसर अली, मोहम्मद सद्दाम हुसैन और मोहम्मद इरशाद सहित अन्य लोग आरोपी हैं।


