
Ranchi: रांची के रेडियम रोड स्थित सुवालाल गोपीलाल जैन की दुकान में 26 सितंबर की रात चोरी की घटना हुई। पुलिस के अनुसार अज्ञात चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर करीब 3 हजार रुपये नकद, बिना SIM वाला एक पुराना मोबाइल और लगभग 15.70 लाख रुपये कीमत की सिगरेट चोरी कर ली।

घटना के बाद दुकान से जुड़े विनायक भारती के लिखित आवेदन पर कोतवाली थाना में 27 सितंबर को केस दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।

तकनीकी जांच और गुप्त सूचना से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
पुलिस के मुताबिक केस की जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचना के आधार पर दो संदिग्धों को हिरासत में लिया गया। इनकी पहचान कुन्दन वर्मा और विजय रजक उर्फ लल्लु के रूप में हुई।
पुलिस का कहना है कि शुरुआती पूछताछ में दोनों ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद उनकी निशानदेही पर चोरी का सामान बरामद किया गया।
छह बैग और तीन झोलों में मिली सिगरेट
पुलिस ने चोरी की गई अलग-अलग कंपनियों की सिगरेट बरामद की है। पुलिस के अनुसार सिगरेट छह बैग और तीन झोलों में रखी मिली। इसके अलावा दुकान से चोरी किया गया मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।
बरामद सामान की कीमत करीब 15.70 लाख रुपये बताई गई है।
कुन्दन वर्मा पर पहले से कई केस दर्ज
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी कुन्दन वर्मा पहले भी कई मामलों में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ सुखदेवनगर थाना में चोरी, मारपीट, हत्या के प्रयास और NDPS ACT से जुड़े कई मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
पुलिस के मुताबिक कुन्दन वर्मा के खिलाफ सुखदेवनगर थाना कांड संख्या 420/16, 583/2023, 56/2025 और 96/2025 दर्ज हैं।
गिरफ्तार दूसरा आरोपी विजय रजक उर्फ लल्लु न्यू किशोरगंज रोड नंबर 6/2 का रहने वाला बताया गया है।
ASP के नेतृत्व में बनी टीम ने की कार्रवाई
चोरी के मामले में कार्रवाई करने वाली टीम में ASP कोतवाली निखिल राय, कोतवाली थाना के प्रभारी सनोज कुमार चौधरी, सुखदेवनगर थाना के प्रभारी सुनील कुमार कुशवाहा समेत कोतवाली थाना के कई पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल शामिल थे।


