
Ranchi News: रांची के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत न्यू आनंद नगर रोड नंबर-3 में हथियारों से लैस करीब आठ लोगों द्वारा एक घर में जबरन घुसकर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। घटना को लेकर पीड़ित विजय कुमार महतो (49) ने मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (CJM) की अदालत में परिवाद दाखिल किया था। अदालत के कड़े निर्देश के बाद सुखदेवनगर थाना पुलिस ने कांड संख्या 315/26 के तहत आठ नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।

रात में खाना खाने के दौरान गेट फांदकर घुसे आरोपी
न्यायालय में दाखिल परिवाद के अनुसार, घटना 17 अगस्त की रात करीब साढ़े दस बजे की है। उस समय विजय कुमार महतो अपने पूरे परिवार के साथ घर में बैठकर खाना खा रहे थे। इसी दौरान बाहर से मुख्य गेट को जोर-जोर से पीटने की आवाज आई। जब परिजनों ने खिड़की से झांककर देखा, तो बाहर आठ से नौ लोग हथियारों के साथ खड़े थे। दरवाजा नहीं खोलने पर आरोपी बाउंड्री गेट के ऊपर से कूदकर घर के परिसर में दाखिल हो गए और मुख्य दरवाजे की छिटकिनी तोड़कर सीधे अंदर घुस आए। इसके बाद आरोपियों ने घर में मौजूद सदस्यों के साथ जमकर मारपीट और गाली-गलौज शुरू कर दी।

बाल पकड़कर घसीटने का प्रयास, पीसीआर ने एक को दबोचा
परिवाद में बताया गया है कि आरोपियों ने घर में घुसते ही कहा कि यही अंश वर्मा का घर है। इसके बाद उन्होंने परिवार के एक सदस्य के बाल पकड़कर उसे जबरन घसीटते हुए बाहर निकालने का प्रयास किया और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग जुटे और सूचना पर पुलिस पीसीआर वाहन मौके पर पहुंचा। पुलिस की गाड़ी देखते ही हमलावर भागने लगे, लेकिन पीसीआर टीम ने तत्परता दिखाते हुए भाग रहे एक आरोपी आलोक तिर्की को मौके पर ही पकड़ लिया और थाने ले गई।
थाने में सुनवाई न होने पर कोर्ट पहुंचे पीड़ित, 8 नामजद
पीड़ित विजय कुमार महतो का आरोप है कि वारदात के बाद जब वे शिकायत लेकर सुखदेवनगर थाने पहुंचे, तो उस समय पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज नहीं की। इसके बाद उन्होंने न्याय की गुहार लगाते हुए मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत में परिवाद पत्र दायर किया। अदालत के आदेश के बाद अब सुखदेवनगर थाने में आलोक तिर्की, अमित तिर्की, सौरभ कुमार उर्फ रितु, गुलशन शर्मा, विश्वजीत शर्मा, प्रियांक शर्मा और देव कुमार वर्मा समेत कुल आठ लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने मामले की आधिकारिक जांच शुरू कर दी है।


