
Ranchi: वियतनाम में सड़क हादसे के बाद रांची के एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान कैलाश नगर निवासी राजा कुमार बंसी के रूप में हुई है। अब उनके पार्थिव शरीर को वियतनाम से रांची लाने की कोशिश की जा रही है। राज्य सरकार के दिशा-निर्देश पर रांची जिला प्रशासन संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर रहा है।

इसी सिलसिले में सोमवार को मृतक के परिजनों ने रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री से मुलाकात की। परिवार ने पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द रांची लाने की गुहार लगाई।

25 सितंबर को वियतनाम में हुआ था हादसा
जिला प्रशासन से मिली जानकारी के मुताबिक, राजा कुमार बंसी वियतनाम में थे। 25 सितंबर 2026 को वहां वह सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए।
हादसे के बाद अगले दिन यानी 26 सितंबर की अहले सुबह उनकी मौत हो गई। इसकी खबर रांची पहुंचते ही परिवार में मातम पसर गया।
बेटे के पार्थिव शरीर का इंतजार कर रहा परिवार
परिवार अब राजा कुमार बंसी के पार्थिव शरीर के रांची पहुंचने का इंतजार कर रहा है। इसी को लेकर परिजन समाहरणालय ब्लॉक-ए स्थित उपायुक्त कार्यालय पहुंचे और DC मंजूनाथ भजंत्री से मुलाकात की।
प्रशासन की ओर से परिवार को जरूरी सहयोग उपलब्ध कराने और पार्थिव शरीर को जल्द रांची लाने के लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने की बात कही गई है।
संबंधित विभागों से संपर्क में जिला प्रशासन
किसी दूसरे देश से पार्थिव शरीर भारत लाने के लिए कई औपचारिक प्रक्रियाएं पूरी करनी होती हैं। जिला प्रशासन का कहना है कि राज्य सरकार के दिशा-निर्देश के अनुसार जरूरी प्रशासनिक कदम उठाए जा रहे हैं।
इसके लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय किया जा रहा है, ताकि प्रक्रिया को जल्द पूरा कर राजा कुमार बंसी के पार्थिव शरीर को रांची लाया जा सके।
परिवार को हर संभव मदद का भरोसा
जिला प्रशासन ने शोक में डूबे परिवार को हर संभव सहायता देने की बात कही है। उपायुक्त से मुलाकात के दौरान शांति समिति के सदस्य जय सिंह यादव, रांची नगर निगम के वार्ड संख्या 27 के पार्षद और मृतक के परिजन मौजूद थे।


