
Palamu: पलामू जिले में सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने स्थानीय लोगों और इंटरनेट यूजर्स का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। इस वीडियो में एक युवक अपनी गाड़ी में पेट्रोल भरवाने के बाद जब भुगतान करने लगता है, तो पूरे मामले में नया मोड़ आ जाता है। युवक ने अपनी जेब से भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा जारी सिक्के निकालकर कर्मचारी को दिए। आरोप है कि सिक्के देखते ही पेट्रोल पंप का कर्मचारी बिफर गया और उसने सिक्के स्वीकार करने से साफ इनकार कर दिया।

पेट्रोल तो भरा लिया, पर सिक्के देखकर अड़ गया कर्मचारी
सोशल मीडिया पर सामने आए इस वीडियो में देखा जा सकता है कि युवक बार-बार कर्मचारी को सिक्के लेने के लिए कह रहा है, लेकिन कर्मचारी सिक्के लेने के लिए बिल्कुल तैयार नहीं दिखता। कर्मचारी का यह रवैया देखकर आसपास मौजूद लोगों ने इसका वीडियो बना लिया और इंटरनेट पर डाल दिया। वीडियो के सार्वजनिक होते ही लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और इस बात को लेकर बहस छिड़ गई कि जब सिक्के देश की वैध मुद्रा हैं, तो आखिर किस अधिकार से उन्हें लेने से मना किया जा रहा है।

विधायक के पेट्रोल पंप से जुड़ा है मामला, उठ रहे सवाल
इस वायरल वीडियो को लेकर दावा किया जा रहा है कि यह मामला पांकी विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. शशिभूषण मेहता से जुड़े शिव गौरी पेट्रोल पंप का है। हालांकि, इस वायरल वीडियो की सत्यता की स्वतंत्र रूप से अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। वीडियो सामने आने के बाद अब सीधे पांकी विधायक और पेट्रोल पंप प्रबंधन सवालों के घेरे में आ गए हैं। सोशल मीडिया पर लोग पूछ रहे हैं कि जब भारतीय रिजर्व बैंक ने सिक्कों के चलन पर कोई रोक नहीं लगाई है, तो आम जनता को इस तरह परेशान करने का आधार क्या है। फिलहाल यह मामला इलाके में चर्चा का गर्म विषय बना हुआ है।


