
Giridih: गिरिडीह शहर के लोगों के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। लंबे समय के इंतजार के बाद आखिरकार हेमंत सरकार ने शहर की खस्ताहाल और जर्जर रोड को नए सिरे से बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाया है। राज्य सरकार की पिछली कैबिनेट मीटिंग में पास हुई रोड निर्माण योजना को धरातल पर उतारने के लिए पथ प्रमंडल (रोड डिपार्टमेंट) ने अब टेंडर प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी तेज कर दी है।

13.64 करोड़ की लागत से बनेगी पौने 3 किमी रोड
इस पूरी योजना को प्रशासनिक और टेक्निकल स्वीकृति भी मिल चुकी है। पथ प्रमंडल के योजना फंड से कुल 13 करोड़ 64 लाख रुपये की लागत तय की गई है। इस बजट से शहर के प्रमुख इलाके बरगंडा रोड वाया पावर हाउस मोड़ से लेकर गिरिडीह कॉलेज मोड़ तक नए सिरे से रोड का निर्माण कराया जाएगा। तैयार किए गए एस्टीमेट में सदर प्रखंड ऑफिस को भी शामिल किया गया है, जिससे इस पूरे इलाके की कनेक्टिविटी बेहतर हो जाएगी।

टेंडर के तीन महीने के भीतर पूरा करना होगा काम
पथ प्रमंडल के एस्टीमेट के मुताबिक, 13.64 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस पौने तीन किलोमीटर लंबी रोड का काम टेंडर मिलने के अगले तीन महीनों के भीतर हर हाल में पूरा करना होगा। इस बात की पुष्टि करते हुए पथ प्रमंडल के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर (कार्यपालक अभियंता) रामविलास सिंह ने बताया कि पूरे पौने तीन किलोमीटर लंबे हिस्से में पुरानी रोड को हटाकर बिल्कुल नए सिरे से मजबूत रोड बनाई जाएगी।
रोड होगी चौड़ी और बनेंगे आधुनिक नाले
योजना की खासियत यह है कि बरगंडा से लेकर पावर हाउस मोड़ और वहां से कॉलेज मोड़ तक रोड की चौड़ाई भी बढ़ाई जाएगी। इसके अलावा बारिश के पानी की निकासी के लिए रोड के दोनों तरफ आधुनिक तरीके से पक्के नालों का निर्माण भी कराया जाएगा। अफसरों का कहना है कि अब बस टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही मौके पर काम शुरू करवा दिया जाएगा, जिसके बाद शहरवासियों को जाम और गड्ढों से हमेशा के लिए निजात मिल जाएगी।


