
Chatra: भ्रष्टाचार के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत भ्रष्टाचार निवारण ब्यूरो (एसीबी) हजारीबाग की टीम ने चतरा जिले में बड़ी कार्रवाई की है। एसीबी की विशेष टीम ने चतरा सदर प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित कर्मचारी भवन में सुनियोजित छापेमारी करते हुए एक राजस्व कर्मचारी को कथित तौर पर रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार कर्मचारी की पहचान सतीश प्रसाद के रूप में की गई है। इस कार्रवाई के बाद प्रखंड और अंचल कार्यालय परिसर में हड़कंप मच गया।

काम के एवज में मांगी थी घूस, सत्यापन के बाद बिछाया जाल
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजस्व से जुड़े किसी जरूरी काम को कराने के एवज में राजस्व कर्मचारी सतीश प्रसाद द्वारा कथित तौर पर रिश्वत की मांग की गई थी। परेशान पीड़ित ने इसकी शिकायत सीधे भ्रष्टाचार निवारण ब्यूरो (एसीबी) हजारीबाग से की। शिकायत मिलने के बाद एसीबी की टीम ने प्रारंभिक स्तर पर मामले का गोपनीय सत्यापन कराया। जांच में घूस मांगे जाने का आरोप पूरी तरह सही पाया गया, जिसके बाद टीम ने आरोपी को पकड़ने के लिए पुख्ता रणनीति तैयार की।

कर्मचारी भवन में दबिश देकर रंगेहाथ दबोचा
योजना के तहत मंगलवार को जैसे ही परिवादी ने सदर प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित कर्मचारी भवन में आरोपी राजस्व कर्मचारी सतीश प्रसाद को रिश्वत की तय रकम थमाई, पहले से घात लगाकर बैठी एसीबी की टीम ने तुरंत दबिश देकर उसे रंगेहाथ दबोच लिया। टीम ने मौके से रिश्वत की राशि भी बरामद कर ली है। गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम आरोपी कर्मचारी को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने और आगे की पूछताछ के लिए अपने साथ हजारीबाग ले गई।


