
Mumbai: बच्चों के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और रोबोटिक्स आधारित इनोवेटिव लर्निंग और एजुकेशन टेक्नोलॉजी सॉल्यूशन देने वाली कंपनी रोबोकिड्ज एडुवेंचर्स लिमिटेड का 31.09 करोड़ रुपये का IPO आज सब्सक्रिप्शन के लिए लॉन्च कर दिया गया है। निवेशक इस इश्यू में आगामी 23 सितंबर तक बोली लगा सकते हैं। इसके बाद 24 सितंबर को शेयरों का अलॉटमेंट किया जाएगा और 25 सितंबर तक अलॉटेड शेयर डीमैट अकाउंट में क्रेडिट कर दिए जाएंगे। कंपनी के शेयर 28 सितंबर को BSE के SME प्लेटफॉर्म पर लिस्ट हो सकते हैं। लॉन्चिंग के पहले ही घंटे में यह IPO पूरी तरह सब्सक्राइब हो गया और पहले दिन का कारोबार खत्म होने तक इसे कुल 9.29 गुना सब्सक्रिप्शन मिल चुका था।

प्राइस बैंड और निवेश की जानकारी


इस IPO के लिए 100 रुपये से लेकर 106 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है, जबकि इसका लॉट साइज 1,200 शेयरों का है। रिटेल इनवेस्टर्स को इस इश्यू में न्यूनतम दो लॉट यानी 2,400 शेयरों के लिए बोली लगानी होगी, जिसके लिए 2,54,400 रुपये का निवेश करना होगा। इस IPO के तहत 10 रुपये फेस वैल्यू वाले कुल 29,32,800 नए शेयर जारी किए जा रहे हैं।
शेयरों का आरक्षण और प्रबंधन

इस IPO में क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए 47.09 प्रतिशत हिस्सा रिजर्व किया गया है। इसके अलावा रिटेल इनवेस्टर्स के लिए 33.15 प्रतिशत हिस्सा और नॉन इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) के लिए 14.24 प्रतिशत हिस्सा रिजर्व है। साथ ही मार्केट मेकर के लिए 5.52 प्रतिशत हिस्सा सुरक्षित रखा गया है। इस इश्यू के लिए GYR कैपिटल एडवाइजर्स प्राइवेट लिमिटेड को बुक रनिंग लीड मैनेजर बनाया गया है, जबकि मां शीतला सिक्योरिटीज प्राइवेट लिमिटेड को रजिस्ट्रार और BN राठी सिक्योरिटीज लिमिटेड को कंपनी का मार्केट मेकर बनाया गया है।
कंपनी की वित्तीय स्थिति

SEBI के पास जमा कराए गए रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (RHP) के आंकड़ों के मुताबिक कंपनी की वित्तीय सेहत लगातार मजबूत हुई है। वित्त वर्ष 2023-24 में कंपनी को 2.42 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ था, जो वित्त वर्ष 2024-25 में बढ़कर 4.98 करोड़ रुपये और पिछले वित्त वर्ष 2025-26 में 10.06 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। इस दौरान कंपनी की राजस्व प्राप्ति में भी जोरदार बढ़ोतरी दर्ज की गई। वित्त वर्ष 2023-24 में 38.31 करोड़ रुपये का कुल राजस्व प्राप्त हुआ था, जो 2024-25 में बढ़कर 59.16 करोड़ रुपये और 2025-26 में 93.72 करोड़ रुपये के स्तर पर आ गया।
कर्ज, नेटवर्थ और EBITDA के आंकड़े
कारोबार बढ़ने के साथ ही इस अवधि में कंपनी पर लदे कर्ज के बोझ में भी बढ़ोतरी देखी गई। वित्त वर्ष 2023-24 के अंत में कंपनी पर 14.29 करोड़ रुपये का कर्ज था, जो 2024-25 में 15.34 करोड़ रुपये और 2025-26 में बढ़कर 29.80 करोड़ रुपये हो गया। हालांकि इसके साथ ही कंपनी के नेटवर्थ और रिजर्व में भी जबरदस्त उछाल आया है। वित्त वर्ष 2023-24 में नेटवर्थ 4.38 करोड़ रुपये था, जो 2025-26 में बढ़कर 20.67 करोड़ रुपये हो गया। इसी तरह कंपनी का रिजर्व और सरप्लस इसी अवधि में 3.88 करोड़ रुपये से बढ़कर 18.02 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। इसके अलावा EBITDA (अर्निंग्स बिफोर इंटरेस्ट, टैक्सेज, डेप्रिसिएशन एंड अमॉर्टाइजेशन) वित्त वर्ष 2023-24 में 4.89 करोड़ रुपये था, जो 2024-25 में बढ़कर 9 करोड़ रुपये और पिछले वित्त वर्ष 2025-26 में उछलकर 16.66 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया।


