
रोहतास: बिहार के रोहतास जिले में नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए नोखा थाना पुलिस ने दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के पास से 44 किलो 500 ग्राम गांजा बरामद किया है। गांजा 42 अलग-अलग पैकेटों में रखा गया था। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बोलेरो गाड़ी को भी जब्त कर लिया गया है।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान नोखा थाना क्षेत्र के महापुर गांव निवासी सुनील भारती और अजीत भारती के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, बरामद गांजे की कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है।

42 पैकेटों में छिपाकर ले जा रहे थे गांजा
पुलिस के मुताबिक, दोनों भाई बोलेरो गाड़ी से गांजे की खेप लेकर जा रहे थे। गांजा 42 अलग-अलग पैकेटों में रखा गया था। पुलिस को इसकी तस्करी के संबंध में गुप्त सूचना मिली थी, जिसके बाद वाहन जांच अभियान चलाया गया।
तलाशी के दौरान गाड़ी के अंदर छिपाकर रखे गए गांजे के पैकेट बरामद हुए। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया और बोलेरो को जब्त कर लिया।
खरारी पेट्रोल पंप के पास पुलिस की कार्रवाई
इस मामले में एसडीपीओ-2 संजीव कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि बिक्रमगंज-सासाराम मुख्य मार्ग से गांजे की बड़ी खेप ले जाई जा रही है।सूचना के आधार पर नोखा थाना पुलिस ने खरारी पेट्रोल पंप के पास सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया। इसी दौरान एक संदिग्ध बोलेरो को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के क्रम में 44.500 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर ही दोनों भाइयों को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।
गांजा कहां से आया, किसे होनी थी आपूर्ति? जांच जारी
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसकी आपूर्ति किस जगह की जानी थी।
इसके अलावा, पुलिस यह भी पता लगा रही है कि कथित तस्करी के इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। मामले में आगे की जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
(विकाश चंदन की रिपोर्ट)


