
रोहतास: सेवा संकल्प अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से डेहरी विधानसभा क्षेत्र में ‘आंगन मिलन उत्सव’ का आयोजन किया गया। डेहरी-ऑन-सोन के चकांवा पंचायत के लक्ष्मण बिगहा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या-55 पर आयोजित कार्यक्रम में बच्चों के साथ पोषण, शिक्षा और संस्कार से जुड़ी गतिविधियां कराई गईं।

दीप प्रज्वलित कर हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा रोहतास जिला उपाध्यक्ष और आंगन मिलन उत्सव की जिला संयोजक आरती गुप्ता ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र पर मौजूद बच्चों से बातचीत की और उनकी पढ़ाई, खेल तथा दैनिक गतिविधियों के बारे में जानकारी ली। इस दौरान बच्चों को टॉफी और शिक्षण सामग्री भी वितरित की गई। आरती गुप्ता ने केंद्र की साफ-सफाई, पोषण पंजी और अन्य व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।

‘आंगनबाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ का दिया संदेश
कार्यक्रम में आरती गुप्ता ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों की जिम्मेदारी केवल विभागीय स्तर तक सीमित नहीं है। उन्होंने स्वस्थ बचपन और पोषित भविष्य के निर्माण में सामूहिक भागीदारी की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और पोषण पर ध्यान देकर ही स्वस्थ समाज का निर्माण किया जा सकता है।
आंगनबाड़ी योजनाओं की दी जानकारी
कार्यक्रम में सीडीपीओ श्वेता कुमारी ने आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से संचालित योजनाओं और सेवाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, मुख्यमंत्री परवरिश योजना, मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना समेत आईसीडीएस से जुड़ी सेवाएं लाभार्थियों तक पहुंचाई जा रही हैं। इनमें बच्चों को गर्म पका हुआ पोषण आहार, टेक होम राशन, स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी परामर्श, अन्नप्राशन और गर्भवती महिलाओं की गोद भराई जैसी सेवाएं शामिल हैं।
खेल-खेल में बच्चों को दिया पोषण का संदेश
कार्यक्रम के दौरान बच्चों के लिए खेल-खेल में सीखने, कविता पाठ और पोषण जागरूकता से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की गईं। आंगनबाड़ी सेविका की ओर से पोषण थाली का प्रदर्शन भी किया गया। कार्यक्रम के अंत में मौजूद लोगों ने स्वस्थ बचपन, सुपोषण, जनभागीदारी और कुपोषण मुक्त समाज के निर्माण के लिए सामूहिक रूप से शपथ ली।
कार्यक्रम में भाजपा रोहतास जिला सोशल मीडिया संयोजक संजीव कुमार, स्थानीय वार्ड सदस्य, आंगनबाड़ी सेविका और सहायिका समेत बड़ी संख्या में लाभार्थी महिलाएं, बच्चे और स्थानीय कार्यकर्ता मौजूद रहे।
(विकाश चंदन की रिपोर्ट)


