
Saryu Roy: पूर्व मंत्री और जमशेदपुर पूर्व से जदयू (JDU) विधायक सरयू राय ने झारखंड के स्वास्थ्य विभाग पर एक बार फिर गंभीर आरोप लगाए हैं। सरयू राय ने दावा किया है कि विभाग में कम कीमत की जगह ऊंची दरों पर दवाइयों की खरीद करने की अंदरूनी तैयारी की जा रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी से मांग की है कि इस बड़े खेल और सरकारी खजाने की लूट पर तुरंत रोक लगाई जाए।

कम दाम वाली कंपनियों को छोड़ महंगी दवाएं खरीदने का आरोप
सरयू राय ने प्रेस बयान जारी कर कहा कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा निकाले गए टेंडर में कई जानी-मानी कंपनियों ने काफी कम दरों पर दवाइयों की आपूर्ति (सप्लाई) करने का रेट दिया था। लेकिन पारदर्शी तरीके से कम कीमत पर दवा खरीदने के बजाय, स्वास्थ्य विभाग भारत सरकार की कुछ चिन्हित कंपनियों से महंगी दरों पर दवाएं खरीदने की फिराक में है। उन्होंने बताया कि इससे संबंधित फाइल तैयार कर ली गई है और इसे जल्द ही कैबिनेट की मंजूरी के लिए भेजने की तैयारी है।

‘कैबिनेट फैसले की आड़ में न हो पुराना खेल’
विधायक सरयू राय ने स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी से विशेष रूप से आग्रह किया है कि वे विभाग के भीतर चल रही इस गड़बड़ी और खेल को मुख्यमंत्री के सामने मजबूती से रखें। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर समय रहते इसे नहीं रोका गया, तो कैबिनेट के फैसले की आड़ में ठीक वही काम होगा जो पूर्व के स्वास्थ्य मंत्रियों के कार्यकाल के दौरान हुआ था, जिससे राज्य सरकार को वित्तीय नुकसान उठाना पड़ा था।
राज्य के खजाने की लूट बंद करने की मांग
सरयू राय ने कड़े शब्दों में कहा कि स्वास्थ्य विभाग में पहले भी दवा और उपकरण खरीद में अनियमितताओं के मामले सामने आ चुके हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से अपील की है कि वे इस फाइल की गहन समीक्षा करें और कैबिनेट में पास होने से पहले इस पर रोक लगाएं, ताकि राज्य के सरकारी खजाने की लूट के सिलसिले पर हमेशा के लिए लगाम लगाई जा सके।


