
Gumla: गुमला जिले में खूंटी-सिमडेगा मुख्य मार्ग पर एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। कामडारा थाना क्षेत्र के गाड़ा पेट्रोल पंप के पास शनिवार को कार और स्कूटी के बीच सीधी और जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में स्कूटी चला रहे 28 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई।

घर लौटते वक्त कार ने मारी जोरदार टक्कर
मृतक की पहचान बसिया थाना क्षेत्र के दलमादीह गांव निवासी संदीप डुंगडुंग (28 वर्ष) के रूप में हुई है। मिली जानकारी के मुताबिक संदीप अपनी स्कूटी से खूंटी की तरफ से वापस अपने घर बसिया लौट रहा था। इसी दौरान गाड़ा पेट्रोल पंप के पास सामने से यानी सिमडेगा की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उसकी स्कूटी को सीधी टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी तेज थी कि मौके पर ही तोड़ा दम
दोनों गाड़ियों के बीच हुई टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी सवार संदीप गंभीर रूप से घायल हो गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना कामडारा थाने की Police को दी।
Police ने शव को भेजा अस्पताल
सूचना मिलते ही कामडारा थाना की Police टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच-पड़ताल शुरू की। Police ने दुर्घटनाग्रस्त कार और स्कूटी दोनों को जब्त कर थाने ले आई है। युवक की मौत की खबर मिलते ही उसके गांव दलमादीह और परिजनों में कोहराम मच गया है।


