
Jharkhand High Court: तेतुलिया जमीन घोटाले के मुख्य आरोपी शैलेष कुमार सिंह ने झारखंड हाईकोर्ट में दाखिल अपनी नियमित जमानत याचिका (Regular Bail Petition) वापस ले ली है। निचली अदालत से जमानत अर्जी खारिज होने के बाद आरोपी ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। इस याचिका पर पिछली सुनवाई के दौरान अदालत से जवाब दाखिल करने के लिए राज्य सरकार ने अतिरिक्त समय की मांग की थी, जिसे स्वीकार करते हुए कोर्ट ने दो हफ्ते बाद सुनवाई की तारीख तय की थी। हालांकि, बुधवार को हुई सुनवाई के दौरान आरोपी के वकील ने याचिका वापस लेने का अनुरोध किया, जिसे अदालत ने स्वीकार कर लिया।

CID ने 8 जुलाई को किया था गिरफ्तार
तेतुलिया वनभूमि में हुए करोड़ों के फर्जीवाड़े और घोटाले के मामले में कार्रवाई करते हुए CID ने बीते 8 जुलाई को शैलेष कुमार सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। तब से वह लगातार हिरासत में है। निचली अदालत से राहत न मिलने पर उसने हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की थी, लेकिन अब उसने इसे वापस ले लिया है।

ED की जांच में ‘किंगपिन’ के रूप में चिन्हित
गौरतलब है कि तेतुलिया वनभूमि घोटाले की समानांतर जांच केंद्रीय जांच एजेंसी ED भी कर रही है। ED ने मामले की गहन तफ्तीश पूरी करने के बाद हाल ही में शैलेष सिंह और अन्य आरोपियों के खिलाफ विशेष अदालत में Prosecution Complaint (चार्जशीट) दाखिल कर दी है। ED की जांच रिपोर्ट में शैलेष सिंह को इस पूरे जमीन घोटाले का मुख्य सूत्रधार यानी ‘किंगपिन’ बताया गया है, जिसके बाद उस पर कानूनी शिकंजा और मजबूत हो गया है।


