
Jamshedpur: जमशेदपुर में दुर्गा पूजा के दौरान महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा के लिए पुलिस प्रशासन ने खास तैयारी की है। पूजा पंडालों, मेला ग्राउंड्स, बाजारों और भीड़भाड़ वाले चौराहों पर मनचलों और हुड़दंगियों से निपटने के लिए ‘शक्ति कमांडो’ की स्पेशल टीम को मैदान में उतार दिया गया है। यह टीम महिलाओं के साथ छेड़खानी, बदतमीजी और सार्वजनिक जगहों पर अशांति फैलाने वालों पर तुरंत सख्त कार्रवाई करेगी।

इलेक्ट्रिक डंडों और मॉडर्न हथियारों से लैस
पूर्वी सिंहभूम के SSP डॉ. एहतेशाम वकारिब की पहल पर शक्ति कमांडो टीम को पूरी तरह एक्टिव किया गया है। साकची महिला थाना प्रभारी रूपा पाल की अगुवाई में महिला पुलिसकर्मियों की टीम को शहर के अलग-अलग इलाकों की जिम्मेदारी दी गई है। यह स्पेशल स्क्वाड आधुनिक हथियारों और इलेक्ट्रिक डंडों से लैस होकर भीड़भाड़ वाली जगहों पर लगातार निगरानी रखेगा, ताकि महिलाएं बिना किसी डर के मेले और मां दुर्गा के दर्शन का आनंद ले सकें।

शहर के 6 प्रमुख रूटों पर रहेगी पैनी नजर
महिला सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए शक्ति कमांडो टीम को शहर के 6 प्रमुख इलाकों में विशेष जिम्मेदारी दी गई है। इसमें सीतारामडेरा-सिदगोड़ा, मानगो-आजादनगर-उलीडीह, टेल्को-बिरसानगर-गोविंदपुर, गोलमुरी-बर्मामाइंस, साकची-बिष्टुपुर और सोनारी-कदमा शामिल हैं। इन सभी रूटों पर महिला पुलिसकर्मी तैनात रहकर संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखेंगी।
साकची महिला थाना प्रभारी के नेतृत्व में बनी टीम
रूपा पाल के नेतृत्व वाली इस टीम में मनकुमारी उरांव, गुड़िया उरांव, परवीन अख्तर, नूतन मंजू मिंज, सरिता मार्डी, राधा रानी महतो, सुमित्रा कुंवर गंझू और जमुना कुमारी मुर्मू जैसी जांबाज महिला पुलिसकर्मी शामिल हैं। जमशेदपुर पुलिस की इस पहल का मुख्य मकसद दुर्गा पूजा के पावन पर्व के दौरान शहर में महिलाओं के लिए पूरी तरह से सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करना है।


