
Chatra: चतरा जिले में एक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक के लिए हंटरगंज थाना पुलिस ने बेहतरीन तत्परता और मानवीय संवेदना का परिचय दिया है। हादसे के बाद एंबुलेंस के पहुंचने में लगने वाले समय में वक्त गंवाने के बजाय थाना प्रभारी संदीप कुमार खुद पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायल को बिना देर किए अपनी पुलिस गाड़ी से तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जिससे युवक को समय पर इलाज मिल सका।

चतरा-डोभी रोड पर हुआ हादसा
यह पूरी घटना हंटरगंज थाना क्षेत्र के नागर स्थित प्रिंस होटल के पास चतरा-डोभी मुख्य मार्ग की है। मिली जानकारी के मुताबिक बीती देर रात एक बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। इस हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल होकर बीच सड़क पर ही पड़ा हुआ था। राहगीरों और स्थानीय लोगों द्वारा सूचना दिए जाने के तुरंत बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची।

हालत गंभीर देख गया रेफर
घटनास्थल पर घायल युवक की नाजुक स्थिति को देखते हुए थाना प्रभारी ने एंबुलेंस का इंतजार करना मुनासिब नहीं समझा। उन्होंने तत्काल अपनी गाड़ी में ही युवक को लादा और हंटरगंज सीएचसी पहुंचे। अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया, लेकिन सिर में गंभीर चोट होने के कारण उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उसे मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल, गया रेफर कर दिया।
स्थानीय लोगों ने की पुलिस की तारीफ
हादसे के बाद समय पर सही फैसला लेते हुए पुलिस वाहन से घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाने की इस पहल की स्थानीय लोगों ने काफी सराहना की है। लोगों का कहना है कि अगर पुलिस एंबुलेंस का इंतजार करती तो शायद युवक की जान पर बन आती। पुलिस की इस सतर्कता से घायल को सही समय पर मेडिकल हेल्प मिल सकी।


