
Bokaro: बोकारो के चास मुफस्सिल थाना क्षेत्र में चोरी की दो अलग-अलग घटनाओं का पुलिस ने खुलासा किया है। एक तरफ चोरों ने नव प्राथमिक विद्यालय से स्मार्ट टीवी गायब कर दिया, तो दूसरी तरफ सूरज ज्वेलर्स में लगे CCTV कैमरों पर हाथ साफ कर दिया। दोनों मामलों की जांच में जुटी पुलिस ने छापेमारी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का स्मार्ट टीवी और 14 CCTV कैमरे बरामद किए गए हैं। इसके अलावा पुलिस को जियो एयरफाइबर का एंटीना, प्लास, हथौड़ी और कटर भी मिले हैं। मामले की जानकारी चास ASP वेदांत शंकर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी।

पुलिस के अनुसार, चास मुफस्सिल थाना क्षेत्र के भूईयाडीह स्थित नव प्राथमिक विद्यालय से स्मार्ट टीवी चोरी होने की शिकायत मिली थी। वहीं, सूरज ज्वेलर्स से CCTV कैमरे चोरी होने का मामला भी सामने आया था। दोनों घटनाओं को लेकर चास मुफस्सिल थाना में अलग-अलग FIR दर्ज की गई थी। चोरी की इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए बोकारो SP के निर्देश पर सदर ASP के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम बनाई गई, जिसने अलग-अलग जगहों पर दबिश देकर दोनों आरोपियों को पकड़ा।

ज्वेलरी दुकान से चोरी हुए 14 CCTV कैमरे बरामद
पुलिस के मुताबिक, सूरज ज्वेलर्स से CCTV कैमरे चोरी होने के मामले में चास मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पुपुनकी निवासी अरमान अंसारी को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी के 14 CCTV कैमरे बरामद किए। इनके साथ जियो एयरफाइबर का एंटीना, प्लास, हथौड़ी और कटर भी जब्त किए गए हैं।
इस मामले में चास मुफस्सिल थाना कांड संख्या 113/2026, दिनांक 14 अक्टूबर 2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज किया है।
स्कूल से स्मार्ट टीवी चोरी कर मोहनडीह में रखा था, पुलिस ने किया बरामद
दूसरा मामला भूईयाडीह स्थित नव प्राथमिक विद्यालय से स्मार्ट टीवी चोरी होने का है। पुलिस के अनुसार, इस मामले में सिवनडीह निवासी जमिल अंसारी को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने स्कूल से स्मार्ट टीवी चोरी करने की बात स्वीकार की, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र के मोहनडीह से चोरी हुआ टीवी बरामद कर लिया गया।
इस घटना को लेकर चास मुफस्सिल थाना में कांड संख्या 114/2026, दिनांक 14 अक्टूबर 2026 दर्ज किया गया है। मामले में BNS की धारा 305(e) और 331(4) लगाई गई हैं।
ASP के नेतृत्व में बनी टीम ने किया दोनों मामलों का खुलासा
बोकारो पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, SP के निर्देश पर सदर ASP के नेतृत्व में छापेमारी टीम बनाई गई थी। टीम में चास मुफस्सिल थाना प्रभारी प्रकाश मंडल, पुलिस अवर निरीक्षक मोहम्मद मंजमील, राजीव रंजन, रवि भारती और मकसूद अहमद के साथ सशस्त्र पुलिस बल के जवान शामिल थे।
पुलिस ने दोनों मामलों में चोरी हुए सामान की बरामदगी के साथ आरोपियों की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। दोनों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


