
Sahibganj: साहिबगंज जिले के राजमहल प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत योगीचक जयरामपुर स्थित सरकारी उच्च विद्यालय, सरकंडा से गुरु और शिष्य के रिश्ते को तार-तार करने वाला एक मामला सामने आया है। स्कूल के प्रिंसिपल रूपेश चौरसिया पर एक नाबालिग छात्रा के साथ गलत व्यवहार और छेड़छाड़ करने का आरोप लगा है। छात्रा की मां की लिखित शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रिंसिपल के खिलाफ POCSO Act (पॉक्सो एक्ट) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

स्पेशल क्लास के नाम पर कमरे में बुलाकर की बदसलूकी
शिकायत के अनुसार, स्कूल के प्रिंसिपल रूपेश चौरसिया ने स्पेशल क्लास लेने के बहाने छात्रा को अकेले कमरे में बुलाया था। आरोप है कि इस दौरान प्रिंसिपल ने छात्रा के साथ अशोभनीय व्यवहार करते हुए उसके साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया। पीड़िता ने हिम्मत दिखाते हुए इसका कड़ा विरोध किया और किसी तरह वहां से भागकर अपने घर पहुंची। घर पहुंचकर छात्रा ने परिजनों को आपबीती सुनाई, जिसके बाद परिजनों के होश उड़ गए।

आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों का हंगामा, FIR दर्ज
घटना की जानकारी मिलने के बाद पीड़िता के परिजन और स्थानीय ग्रामीण गुस्से में स्कूल पहुंचे और जमकर विरोध जताया। इसके बाद पीड़िता की मां ने एससी-एसटी (SC-ST) थाने में लिखित आवेदन देकर आरोपी प्रिंसिपल के खिलाफ सख्त कार्रवाई और न्याय की मांग की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मामला दर्ज होने के बाद से ही आरोपी प्रिंसिपल फरार बताया जा रहा है।
फरार आरोपी की तलाश में छापेमारी, अन्य छात्राओं से भी पूछताछ
पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए आरोपी प्रिंसिपल रूपेश चौरसिया की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है। इसके साथ ही, चर्चा है कि कुछ अन्य छात्राओं के साथ भी आरोपी प्रिंसिपल द्वारा पूर्व में ऐसा ही व्यवहार किया गया था। पुलिस इन सभी बिंदुओं पर गहनता से जांच कर रही है। पीड़ित परिवार ने पुलिस-प्रशासन से बिना किसी दबाव के निष्पक्ष जांच कर कड़ी सजा देने की गुहार लगाई है।


